दिल्ली में इंटरनेट स्पीड में जियो-एयरटेल अव्वल, कॉलिंग में वोडाफोन-आइडिया आगे

24 Feb 2026 15:29:53
ट्राई


नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। राजधानी दिल्ली में इंटरनेट स्पीड के मामले में जिओ और एयरटेल अव्वल है। जबकि कालिंग के मामले में वोडाफोन-आइडिया नंबर एक पर हैं।

दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने दिल्ली में जनवरी में किए गए मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता से जुड़े ड्राइव टेस्ट और वॉक टेस्ट के आधार पर तैयार रिपोर्ट में बताया कि एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया ने कॉल सफलता दर में 100 प्रतिशत प्रदर्शन किया, जबकि जियो 99.22 प्रतिशत और एमटीएनएल 82.82 प्रतिशत पर रहा। कॉल ड्रॉप रेट में एयरटेल 0.39 प्रतिशत, जियो 0.53 प्रतिशत और वोडाफोन-आइडिया शून्य प्रतिशत पर रहे, वहीं एमटीएनएल का आंकड़ा 6.34 प्रतिशत दर्ज किया गया। आवाज की गुणवत्ता में जियो सबसे बेहतर रहा।

यह जांच दिल्ली के शाहदरा, दिलशाद गार्डन, गांधीनगर, आनंद विहार, मयूर विहार और भीड़भाड़ वाले बाजारों व मेट्रो स्टेशनों पर की गई।

ट्राई ने बताया कि जांच के दौरान जियो की औसतन डाउनलोड स्पीड 266.99 एमबीपीएस और एयरटेल की 231.97 एमबीपीएस रही। वोडाफोन-आइडिया 24.55 एमबीपीएस और एमटीएनएल 3.83 एमबीपीएस पर रहा। अपलोड स्पीड में एयरटेल 31.39 एमबीपीएस और जियो 23.93 एमबीपीएस पर रहे।

व्यस्त और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जियो ने 5जी डाउनलोड स्पीड में सबसे अच्छा प्रदर्शन किया। इस दौरान जियो की स्पीड 361.84 एमबीपीएस, जबकि एयरटेल 214.10 एमबीपीएस और वोडाफोन-आइडिया 44.13 एमबीपीएस रही। एमटीएनएल में 4जी और 5जी सेवाएं नहीं मिलीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0