बीड़-बिलिंग में 26 फरवरी से अंतरराष्ट्रीय माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता, 8 देशों के प्रतिभागी लेंगे हिस्सा

24 Feb 2026 19:01:53
पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए अनुराग शर्मा।


धर्मशाला, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पैराग्लाइडिंग के लिए विश्वस्तर पर विख्यात बीड़ बिलिंग घाटी एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने को तैयार है। इस बार मौका है यूसीआई अंतरराष्ट्रीय माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता का जोकि यहां 26 से 28 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता यूनाइटेड साइक्लिंग कंसलटेंट तथा बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता को साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ़ इंडिया, इंडियन ओलंपिक काउंसिल से बाकायदा सैद्धांतिक मान्यता मिल चुकी है। प्रतियोगिता में जापान, मलेशिया, थाईलैंड, कज़ाख़िस्तान, इंडोनेशिया सहित कुल आठ देशों के प्रतिभागियों के अलावा आईटीबीपी, भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।

यह जानकारी मंगलवार को बैजनाथ में आयोजित पत्रकार वार्ता में बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग शर्मा, प्रतियोगिता के तकनीकी निदेशक नमन बिज, सुरक्षा विशेषज्ञ सुरेश ठाकुर तथा सरंक्षक सुरेश ठाकुर ने एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि यह पहला मौका है कि हिमाचल प्रदेश की जिला कांगड़ा की इस घाटी में अंतरराष्ट्रीय स्तर की साइकिलिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को क्रॉस कंट्री, क्रॉस कंट्री एलिमिनेटर, शॉर्ट ट्रैक और डाउनहिल जैसे टास्क दिए जाएंगे। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। खास बात यह है कि इस प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर आयोजित किया जाएगा जिसमें डॉप टेस्ट की प्रक्रिया प्रतियोगिता से पहले अपनाई जाएगी।

इससे पहले बीड़ बिलिंग में हैल रेस और एमटीवी साइकलिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। प्रतियोगिता निदेशक नमन बिज ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 26 फरवरी को सुबह 9 बजे फ्लैग ऑफ कर बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुराग शर्मा करेंगे जबकि समापन समारोह में प्रदेश युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा विजेता प्रतिभागियों को विशिष्ट अतिथि स्थानीय विधायक किशोरी लाल की मौजूदगी में पुरस्कृत करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Powered By Sangraha 9.0