कोकिलाबेन अंबानी ने श्रीनाथजी मंदिर में मनाया जन्मदिन

24 Feb 2026 20:35:53
कोकिलाबेन मंदिर में जाते हुए ।


मुकेश अंबानी तथा परिवार के सदस्य मंदिर में जाते हुए ।


कोकिलाबेन पहुंची नाथद्वारा


राजसमंद, 24 फ़रवरी (हि.स.)। रिलायंस समूह के अध्यक्ष मुकेश अंबानी और उद्योगपति अनिल अंबानी की माता कोकिलाबेन अंबानी ने मंगलवार को अपना जन्मदिन प्रभु श्रीनाथजी की नगरी नाथद्वारा में श्रद्धा और भक्ति भाव से मनाया। इस अवसर पर अंबानी परिवार के सदस्य सायंकाल नाथद्वारा पहुंचे और श्रीनाथजी के भोग आरती की झांकी के दर्शन किए।

मंदिर परिसर में अंबानी परिवार की अगवानी मंदिर मंडल के मुख्य निष्पादन अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक शिप्रा राजावत, श्री कृष्ण भंडार के अधिकारी सुधाकर उपाध्याय तथा सहायक उपाध्यक्ष अनिल सनाढ्य सहित अन्य अधिकारियों ने की। दर्शन के पश्चात परिवारजन मोती महल पहुंचे, जहां तिलकायत पुत्र विशाल बाबा ने पारंपरिक रीति से उनका स्वागत-सम्मान किया। जन्मदिन के अवसर पर मोती महल चौक में विशेष आयोजन किया गया, जिसमें परिवार के सदस्यों ने सहभागिता कर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया। कोकिलाबेन के साथ मुकेश अंबानी, अनिल अंबानी, आकाश अंबानी और अनंत अंबानी भी उपस्थित रहे।

अंबानी परिवार के आगमन को देखते हुए पिछले दो दिनों से विशेष सुरक्षा व्यवस्थाएं की गई थीं। मोती महल की ओर से आम दर्शनार्थियों के प्रवेश और निकासी को अस्थायी रूप से बंद रखा गया। श्रद्धालुओं को मंदिर मार्ग से दर्शन के लिए भेजा गया, जबकि वापसी के लिए नक्कारखाना मार्ग निर्धारित किया गया, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रही। दर्शन उपरांत अंबानी परिवार कैलाशपुरी स्थित एकलिंगजी मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Giriraj Soni

Powered By Sangraha 9.0