अमेरिका में पत्नी और बेटी की हत्या करने वाला नेपाली नागरिक एनकाउंटर में ढेर

24 Feb 2026 13:37:53
अमेरिकी में हुए हत्याकांड का घटनास्थल


काठमांडू, 24 फरवरी (हि.स.)। अमेरिका के फेयरफैक्स काउंटी में अपनी पत्नी, बेटी और दामाद की हत्या करने के बाद एक नेपाली नागरिक को अमेरिकी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है।

मैन्टुआ के पास स्थित एक अपार्टमेंट में नेपाली नागरिक छत्रबहादुर थापा अपने दामाद 35 वर्षीय संतोष कुमार थापा, 51 वर्षीय पत्नी बिंदा थापा और 31 वर्षीय पुत्री ममता थापा के साथ रहता था। उस पर आरोप है कि उसने सोमवार सुबह लगभग 5 बजे पत्नी, बेटी और दामाद पर चाकू से हमला कर दिया। बाद में अस्पताल ले जाते समय इनकी मौत हो गई।

फेयरफैक्स काउंटी के पुलिस प्रमुख केविन डेविस के अनुसार जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो थापा अपने ससुर पर धारदार हथियार से हमला कर रहा था। उससे पुलिस ने कई बार हथियार जमीन पर फेंकने के लिए कहा, लेकिन उसने निर्देशों का पालन नहीं किया, जिसके बाद एक पुलिस अधिकारी ने गोली चला दी। पुलिस की गोली लगने के बाद वह घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक घर के भीतर मौजूद एक एक वर्ष का बच्चा सुरक्षित पाया गया, जिसे बाल संरक्षण सेवाओं को सौंप दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि प्रारंभिक जांच में परिवार के खिलाफ पहले से कोई पुलिस शिकायत या अपराध रिकॉर्ड नहीं मिला है और घटना के पीछे के कारण की प्राथमिकी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0