उपराष्ट्रपति और गृहमंत्री ने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता को दी श्रद्धांजलि

24 Feb 2026 14:04:53
तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता (फाइल फोटो)।


नई दिल्ली, 24 फरवरी (हि.स.)। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता की 78वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने एक्स पोस्ट में लिखा कि जयललिता एक करिश्माई नेता थीं, जिन्होंने तमिलनाडु के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य पर अमिट छाप छोड़ी। उल्लेखनीय दृढ़ संकल्प और प्रशासनिक दक्षता के साथ उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण, गरीबों के उत्थान और समावेशी विकास के उद्देश्य से अनेक कल्याणकारी योजनाओं का नेतृत्व किया। तमिलनाडु की प्रगति और समृद्धि में उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा और उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पोस्ट में कहा कि गरीबों के कल्याण और महिला सशक्तीकरण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने तमिलनाडु के विकास को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि जयललिता ने यह सुनिश्चित किया कि शासन का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

उल्लेखनीय है कि जयललिता (24 फरवरी 1948 से 05 दिसंबर 2016) जिन्हें अम्मा के नाम से भी जाना जाता था, एक भारतीय अभिनेत्री, राजनीतिज्ञ और समाजसेवी थीं। उन्होंने 1991 से 2016 के बीच करीब 14 वर्षों तक छह बार तमिलनाडु की मुुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0