कांग्रेस का व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध : भाजपा

25 Feb 2026 19:54:53
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला बुधवार को केंद्रीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में


नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने बुधवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अपनी मूल पहचान खो चुकी है और राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘एब्यूसिव कांग्रेस पार्टी’ बन गई है।

भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ लगातार अपमानजनक और धमकी भरे बयान दिए जा रहे हैं। उन्होंने पंजाब के कांग्रेस नेता बीरेंद्र सिंह ढिल्लों के कथित बयान का उल्लेख कर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक और धमकीपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किया गया।

उन्होंने कहा कि एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और उसके बाद दिए गए बयानों ने कांग्रेस के आचरण को उजागर कर दिया है। विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी भी इसी तरह के धमकी भरे बयान दे चुके हैं। पूनावाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह व्यवहार न केवल लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है बल्कि संवैधानिक पदों के प्रति भी असम्मान दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश दौरों के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ बताते हैं, जबकि देश उच्च विकास दर दर्ज कर रहा है। पूनावाला ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक, कोविड टीकाकरण अभियान और यूपीआई जैसी डिजिटल उपलब्धियों पर भी कांग्रेस नेतृत्व ने सवाल उठाए, जिससे देश की छवि प्रभावित होती है।

उन्होंने विपक्षी ‘इंडी’ गठबंधन के सहयोगी दलों से सवाल किया कि वे कांग्रेस के इस कथित आचरण के साथ हैं या राष्ट्रीय हित के साथ। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि कांग्रेस अब अपने सहयोगी दलों और वरिष्ठ नेताओं के बीच भी अलग-थलग पड़ती जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0