कांग्रेस ने भारत के सोलर पैनलों पर 126 फीसदी अमेरिकी शुल्क लगाने की आलोचना की

25 Feb 2026 15:57:53
जयराम रमेश


नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। अमेरिकी वाणिज्य विभाग द्वारा भारत से आयातित सोलर सेल्स और पैनलों पर 125.87 प्रतिशत शुल्क लगाने के निर्णय की कांग्रेस ने आलोचना की है।

महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भारत पर अमेरिका का यह कदम बेहद अजीब है। इससे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की वास्तविकता सामने आ गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस समझौते की सराहना की थी और कहा था कि इससे अमेरिका में भारत के निर्यात के लिए दरवाजे खुलेंगे, वह दरअसल पूरी तरह एकतरफा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस समझौते के तहत भारत को अमेरिका से आयात की अनुमति तो मिल जाएगी लेकिन भारत से अमेरिका को निर्यात वहां के राष्ट्रपति की इच्छा पर निर्भर रहेगा। उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने का एक ही रास्ता है- भारत को साहस दिखाना होगा और इस समझौते को रोक देना चाहिए।

रमेश ने दावा किया कि यह समझौता जैसी स्थिति में है, उससे देशभर के लाखों किसानों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0