दिल्ली में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 25 से 31 मार्च तक

25 Feb 2026 19:33:53
दिल्ली सचिवालय में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली 2026 का कर्टेन रेजर करती मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता


नई दिल्ली, 25 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में राजधानी में पहली बार आयोजित होने वाले इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (आईएफएफडी) 2026 का कर्टेन रेजर जारी किया। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 से 31 मार्च तक आयोजित होने वाला यह सिटी-वाइड फिल्म फेस्टिवल भारत मंडपम सहित नई दिल्ली के विभिन्न प्रतिष्ठित स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन दिल्ली को फिल्म पर्यटन, प्रतिभा विकास, एवीजीसी, रचनात्मक उद्योग और रोजगार सृजन के नए अवसर प्रदान करेगा। फिल्म फेस्टिवल में 125 से अधिक भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही गाला प्रीमियर, मास्टरक्लास, इंडस्ट्री संवाद, कार्यशालाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार की फिल्म नीति के अनुरूप सिंगल-विंडो सुविधा, प्रोडक्शन सपोर्ट और उद्योग सहयोग के माध्यम से दिल्ली को शूटिंग के लिए एक आकर्षक डेस्टिनेशन बनाया जा रहा है। आईएफएफडी के माध्यम से दिल्ली को भारत की सिनेमाई राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि आईएफएफडी दिल्ली के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई दिशा देगा और राजधानी को वैश्विक सांस्कृतिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा।

पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली का अब तक का पहला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित होने जा रहा है। इस महोत्सव में देश-विदेश के प्रतिष्ठित फिल्मकार, कलाकार, निर्देशक और तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे। यह महोत्सव न केवल भारतीय सिनेमा की विविधता और सृजनात्मकता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेगा, बल्कि दिल्ली को सशक्त फिल्म और सांस्कृतिक हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा, नई तकनीक, नवाचार और सिनेमा के बदलते स्वरूप पर सार्थक संवाद को बढ़ावा देगा। साथ ही दिल्ली की सांस्कृतिक पहचान को और सशक्त करेगा तथा पर्यटन, रोजगार और रचनात्मक उद्योगों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Powered By Sangraha 9.0