पुडुचेरी में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ चुनाव आयोग अधिकारियों की बैठक, मतदाता सूची सुधार पर चर्चा

युगवार्ता    25-Feb-2026
Total Views |
मुख्य चुनाव आयुक्त (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 25 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अगुवाई में बुधवार को पुडुचेरी में चुनाव आयोग के अधिकारियों की टीम ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की। जिसमें राजनीतिक दलों ने मतदान केंद्रों पर सुविधाएं और पहुंच बेहतर करने, चुनाव में धनबल और मुफ्त वितरण पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने जैसी तमाम मांगें रखीं।

चुनाव आयोग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी, पुडुचेरी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और आयोग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राष्ट्रीय दलों में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के प्रतिनिधियों ने बैठक में हिस्सा लिया। जबकि स्थानीय दलों में अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईडीएमके), ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में राजनीतिक दलों ने पुडुचेरी में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न करने के लिए आयोग की सराहना की। इन दलों ने मतदान केंद्रों पर सुविधाएं और पहुंच बेहतर करने के सुझाव दिए। राजनीतिक दलों ने चुनावों में धनबल और मुफ्त वितरण पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की। इसके अलावा, सोशल मीडिया के दुरुपयोग को रोकने के लिए भी प्रभावी उपाय करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Tags