मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने हुमायूं कबीर की ‘जनता उन्नयन पार्टी’ के पंजीकरण की सिफारिश की

25 Feb 2026 19:56:53
विधायक हुमायूं कबीर


कोलकाता, 25 फरवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर द्वारा गठित नई राजनीतिक पार्टी ‘जनता उन्नयन पार्टी’ के पंजीकरण की सिफारिश भारत निर्वाचन आयोग को भेज दी है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, पार्टी के पंजीकरण के लिए आवश्यक सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और नई दिल्ली स्थित आयोग को औपचारिक अनुशंसा प्रेषित कर दी गई है। यदि किसी प्रकार की आपत्ति नहीं आती और दस्तावेज सही पाए जाते हैं, तो अगले 15 दिनों के भीतर पंजीकरण को स्वीकृति मिल सकती है।

पंजीकरण स्वीकृत होने के बाद हुमायूं कबीर अपनी पार्टी के लिए आधिकारिक चुनाव चिन्ह के लिए आवेदन कर सकेंगे। मुर्शिदाबाद जिले के भरतपुर से विधायक हुमायूं कबीर ने 22 दिसंबर, 2025 को अपनी नई पार्टी के गठन की घोषणा की थी। बेलडांगा के खाग्रुपाड़ा मोड़ पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पार्टी का घोषणापत्र भी जारी किया था।

उस समय हुमायूं कबीर ने आगामी विधानसभा चुनाव में भरतपुर के पड़ोसी रेजिनगर और बेलडांगा, दोनों विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की थी। पार्टी के नाम को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह इसमें ‘कांग्रेस’ या ‘तृणमूल’ शब्द शामिल नहीं करना चाहते। उनका कहना था कि मुर्शिदाबाद की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है और तृणमूल कांग्रेस को भी सत्ता से बाहर करने की प्रतीक्षा कर रही है।

उन्होंने कहा था कि ‘जनता उन्नयन पार्टी’ नाम से आम लोग आसानी से जुड़ाव महसूस करेंगे और यह दल आम लोगों के विकास पर केंद्रित रहेगा। चुनाव चिन्ह के संबंध में हुमायूं कबीर ने बताया कि वर्ष 2016 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उन्होंने ‘मेज’ चिन्ह पर चुनाव लड़ा था, इसलिए वही उनका पहला विकल्प होगा। यदि आयोग इसे स्वीकृति नहीं देता है, तो वह ‘गुलाब की जोड़ी’ को वैकल्पिक चिन्ह के रूप में आवेदन करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर अन्य विकल्पों पर भी विचार करेंगे।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि पार्टी का ध्वज तीन रंगों पीला, हरा और सफेद से मिलकर बनेगा।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0