अली अब्बास जफर की नई फिल्म में दिखेंगे अहान पांडे

26 Feb 2026 18:32:53
अली अब्बास जफर, अहान पांडे - फोटो सोर्स एक्स


फिल्म सैय्यारा की अपार सफलता के बाद अभिनेता अहान पांडे एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने की तैयारी में हैं। उनके प्रशंसक लंबे समय से अगली फिल्म की घोषणा का इंतजार कर रहे थे। अब निर्देशक अली अब्बास जफर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुष्टि की है कि उनकी नई फिल्म की शूटिंग जल्द शुरू होगी। अली अब्बास जफर इससे पहले सलमान खान के साथ 'टाइगर जिंदा' है, भारत और 'सुल्तान' जैसी सफल फिल्में दे चुके हैं। अब वह एक नए अभिनेता के साथ नई कहानी लेकर आ रहे हैं।

30 मार्च से शुरू होगी शूटिंग

रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की शूटिंग 30 मार्च से मुंबई में शुरू होगी। शुभारंभ आदित्य चोपड़ा के स्टूडियो में किया जाएगा। मुंबई शेड्यूल के बाद मई में 60 दिनों का लंबा शेड्यूल यूनाइटेड किंगडम में रखा गया है। फिलहाल पूरी टीम रिहर्सल और ट्रेनिंग में व्यस्त है।

ट्रेनिंग सेशन की तस्वीर ने बढ़ाई उत्सुकता

हाल ही में अली अब्बास जफर ने अहान के साथ ट्रेनिंग सेशन की एक तस्वीर शेयर की। कैप्शन में उन्होंने लिखा, ताकत कोई नहीं देता, उसे कमाना पड़ता है… अहान पांडे इस भूमिका के लिए तैयार हैं। इस पोस्ट के बाद से फैंस के बीच उनके नए लुक और किरदार को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

500 करोड़ क्लब में शामिल 'सैय्यारा'

फिल्म 'सैय्यारा' 18 जुलाई 2025 को रिलीज हुई थी और इसी फिल्म से अहान पांडे ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की। लगभग 45 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने विश्वभर में 500 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। फिल्म में अहान और अनीत पद्दा की जोड़ी को दर्शकों ने खूब सराहा। अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि अली अब्बास जफर के निर्देशन में बन रही यह नई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0