खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र विकसित भारत के सपने को साकार करने में निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका: चिराग पासवान

26 Feb 2026 20:54:53
अन्वेष-2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए चिराग पासवान


नई दिल्ली, 26 फरवरी (हि.स)। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने गुरुवार को कहा कि खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि भारत ने किसानों के हितों की रक्षा करते हुए 23 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) किए हैं।

चिराग पासवान ने हरियाणा के सोनीपत स्थित राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टम–कुंडली) में अन्वेष-2026 अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित विकसित भारत-2047 के विजन को साकार करने में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि एक अरब 40 करोड़ लोगों के देश के लिए प्रौद्योगिकी आधारित विकास अत्यावश्यक है। गांवों और शहरों के बीच की खाई को पाटने के लिए नवाचारों, अनुसंधान और आधुनिक प्रौद्योगिकियों को ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों तक पहुंचाना होगा। उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के बारे में फैली गलत धारणाओं को दूर करने का आह्वान किया।

उभरते और बेहतर स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों के लिए उन्नत अगली पीढ़ी की परिकल्पना पर आयोजित 3 दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 25 से अधिक देशों के विशेषज्ञ, शोधकर्ता, उद्योग प्रतिनिधि, निर्यातक, उद्यमी और नीति निर्माता भाग ले रहे हैं। इससे पहले पासवान ने अन्वेष-2026 प्रदर्शनी का दौरा किया और इस आयोजन में प्रदर्शित नई प्रौद्योगिकियों, नवाचारों और उत्पादों की समीक्षा की। इस सम्मेलन में 1,000 से अधिक प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0