ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में मिलाजुला कारोबार

26 Feb 2026 10:23:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 26 फ़रवरी (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स में आज फिलहाल गिरावट का रुख बना हुआ है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार खरीदारी होती रही। वहीं एशियाई बाजार में आज मिलाजुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।

टेक शेयरों में आई तेजी के कारण पिछले सत्र के दौरान अमेरिकी बाजार में उत्साह का माहौल बना रहा, जिससे वॉल स्ट्रीट के सूचकांक मजबूती के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.81 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,946.13 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 284.59 अंक यानी 1.24 प्रतिशत उछल कर 23,148.27 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 49,439.75 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार में भी टेक शेयरों में आए उछाल के कारण पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 125.82 अंक यानी 1.16 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,806.41 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.47 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,559.07 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 189.69 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,175.94 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशिया में आज मिलाजुला कारोबार होता नजर आ रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि चार सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,271.48 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 118.72 अंक यानी 0.44 प्रतिशत टूट कर 26,647 अंक के स्तर तक आ गया है। इसके अलावा स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.20 प्रतिशत लुढ़क कर 4,997.89 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,144.08 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,648 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.23 प्रतिशत की मजबूती के साथ 35,493.43 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। कोस्पी इंडेक्स ने आज बड़ी छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 125.27 अंक यानी 2.06 प्रतिशत उछल कर 6,209.13 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,529.97 अंक के स्तर पर और निक्केई इंडेक्स 231.88 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 58,815 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0