राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बारीडीह में मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का दौरा किया

26 Feb 2026 19:10:53
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बारीडीह में सड़क पर लोगों से मिलते


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बारीडीह में सड़क पर लोगों से मिलते


-राष्ट्रपति जनता के बीच पैदल चलीं, बच्चों को चॉकलेट बांटी

पूर्वी सिंहभूम, 26 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कदमा में आयाेजित श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के भूमि पूजन के बाद बारीडीह पहुंचीं, जहां उन्होंने मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में ‘परिचय सम्मेलन’ में भाग लिया।

राष्ट्रपति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ फोटो सेशन किया, मेधावी छात्रों से संवाद किया और कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर पौधारोपण किया।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब राष्ट्रपति कॉलेज परिसर से बाहर निकलीं, तो सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद थी। लोगों का उत्साह देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और वाहन से उतरकर पैदल ही जनता के बीच पहुंच गईं। राष्ट्रपति करीब 150 कदम तक आम लोगों के बीच चलीं और अभिवादन स्वीकार किया। अपने बीच राष्ट्रपति को पाकर लोगों का उत्साह चरम पर था। खासकर महिलाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया। कई लोग हाथों में तिरंगा लिए राष्ट्रपति जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।

राष्ट्रपति ने भी स्नेहपूर्वक लोगों का अभिवादन किया और भीड़ में मौजूद बच्चों को चॉकलेट बांटी। एक बच्ची ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि उसे स्वयं राष्ट्रपति ने चॉकलेट दी। वहीं परविंदर कौर नामक एक महिला ने कहा कि वह कई घंटों से राष्ट्रपति की एक झलक पाने के लिए खड़ी थीं। जब राष्ट्रपति गाड़ी से उतरकर पैदल उनकी ओर आईं, तो यह क्षण उनके लिए अविस्मरणीय बन गया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने उनकी बेटी को चॉकलेट देने के साथ आशीर्वाद भी दिया, जिससे परिवार बेहद भावुक और प्रसन्न है।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मुस्तैद रही और कहीं भी अफरातफरी की स्थिति नहीं बनी। लोगों को राष्ट्रपति को नजदीक से देखने और उनका अभिवादन करने का अवसर मिला।

स्थानीय निवासी एस कुमार सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि देश की राष्ट्रपति उनके इलाके में आएंगी। राष्ट्रपति के बारीडीह आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल है।

गौरतलब है कि कदमा का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राष्ट्रपति का काफिला मरीन ड्राइव से खरकई लिंक रोड, मानगो गोलचक्कर और भुइयांडीह होते हुए बारीडीह पहुंचा। कॉलेज प्रबंधन ने जानकारी दी कि भविष्य में परिसर में ‘द्रौपदी मुर्मू स्पोर्ट्स एंड फूड कैंपस’ विकसित करने की दीर्घकालिक योजना है, जो विद्यार्थियों के समग्र विकास में सहायक होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Powered By Sangraha 9.0