
नई दिल्ली, 26 फरवरी (हि.स)। पीएनजीएस रेवा डायमंड ज्वेलरी लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बोली के आखिरी दिन गुरुवार को 1.23 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसके शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होने के लिए प्रस्तावित हैं।
स्टॉक एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार इस इश्यू को 57,06,235 इक्विटी शेयरों के मुकाबले 70,31,776 इक्विटी शेयरों की बोली मिलीं। इसका मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) 367-386 रुपये प्रति शेयर था। आंकड़ों के मुताबिक योग्य संस्थागत क्रेता (क्यूआईबी) और खुदरा भाग क्रमशः 1.04 गुना और 1.29 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसी तरह गैर-संस्थागत निवेशक (एनआईआई) का भाग 1.54 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि कर्मचारी आरक्षित 6.74 गुना सब्सक्राइब किया गया।
पीएनजीएस रेवा डायमंड ज्वेलरी लिमिटेड भारत में अलग-अलग जगहों पर लोकल ब्रांड अवेयरनेस बनाने और अपनी विजिबिलिटी बढ़ाने के लिए 15 नए स्टोर की मार्केटिंग और प्रमोशन करने की योजना बना रही है। इनमें से अधिकांश स्टोर महाराष्ट्र के टियर-1 और कुछ टियर-2 शहरों के साथ-साथ देशभर के मेट्रो शहरों में खोले जाएंगे।
इस स्ट्रैटेजी के हिसाब से कंपनी पूरे भारत में 15 नए ब्रांड-एक्सक्लूसिव स्टोर लॉन्च करने के लिए 286.56 करोड़ रुपये करना चाहती है। ये प्रपोज्ड आउटलेट लीज पर ली गई जगह पर बनाए जाएंगे और कंपनी-ओन्ड, कंपनी-ऑपरेटेड (ब्रांड एक्सक्लूसिव) मॉडल को फॉलो करेंगी। इस स्ट्रक्चर के तहत कंपनी स्टोर फिट-आउट, फिक्स्चर, फर्नीचर और उससे जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर कैपिटल खर्च करेगी, जबकि स्टोर ऑपरेशन पूरी तरह से उसके एम्प्लॉई मैनेज करेंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर