
- पहली बार लड़ाकू हेलीकॉप्टर ‘प्रचंड’ में उड़ान भरेंगी राष्ट्रपति मुर्मू
जोधपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। सरहदी जिले जैसलमेर के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में शुक्रवार को भारतीय वायु सेना का अब तक का सबसे बड़ा अभ्यास 'वायु शक्ति' होगा। देश की राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मु पहली बार स्वदेशी लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर प्रचंड में उड़ान भरेंगी। उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी इस शौर्य प्रदर्शन के साक्षी बनेंगे।
राष्ट्रपति निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 फरवरी को प्रचंड हेलीकॉप्टर में सह-पायलट के तौर पर उड़ान भरकर सीमावर्ती एयरस्पेस का मुआयना करेंगी। यह उनके करियर में एक नया अध्याय होगा, क्योंकि इससे पहले वे सुखोई-30 एमकेआई (8 अप्रैल 2023) और राफेल (29 अक्टूबर 2025) जैसे फ्रंटलाइन फाइटर जेट्स में उड़ान भरकर अपनी धाक जमा चुकी हैं। दो अलग-अलग फाइटर जेट्स और अब लड़ाकू हेलीकॉप्टर में उड़ान भरने वाली वे देश की पहली राष्ट्रपति बन जाएंगी।
वायु सेना के एयर मार्शल नागेश कपूर के अनुसार इस युद्धाभ्यास में लगभग 12 हजार किलो गोला-बारूद का इस्तेमाल किया जाएगा। अभ्यास की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें 77 फाइटर जेट्स हिस्सा लेंगे, जिनमें राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और स्वदेशी तेजस शामिल हैं। इसके अलावा 43 हेलीकॉप्टर (अपाचे और प्रचंड) अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही सुपर हरक्यूलिस विमान भी इस अभ्यास में हिस्सा लेंगे। ये विमान भारतीय वायुसेना के विशेष दस्ते ‘गरुड़ कमांडो’ को सीधे वॉर-जोन में उतारेंगे।----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश