उत्तर बंगाल में फिर भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 4.6

26 Feb 2026 14:43:53

सिलीगुड़ी, 26 फरवरी (हि.स)। सिलीगुड़ी सहित उत्तर बंगाल के कई इलाकों में गुरुवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। दोपहर से पहले आए इस कंपन से सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग के विस्तृत क्षेत्रों में दहशत फैल गई। झटकों का असर कोलकाता तक महसूस किया गया, जिससे लोगों में हड़कंप मच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.6 दर्ज की गई। इसका केंद्र सिक्किम में था और झटके सुबह 11 बजकर 34 मिनट पर महसूस किए गए।

पर्यटन सीजन होने के कारण दार्जिलिंग और सिक्किम के पहाड़ी इलाकों में बड़ी संख्या में पर्यटक मौजूद है। अचानक आए झटकों के बाद कई लोग एहतियातन होटल से बाहर निकल आए। हाल ही में सिक्किम के राबांगला से करीब 8 किलोमीटर दक्षिण में लगातार कई बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस घटना की दहशत अभी कम भी नहीं हुई थी कि गुरुवार को फिर 4.6 तीव्रता के भूकंप ने लोगों की चिंता बढ़ा दी।

फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन और मौसम विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उत्तर बंगाल के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

Powered By Sangraha 9.0