48 पासपोर्ट सहित दिल्ली जा रही एक महिला काठमांडू हवाईअड्डे से गिरफ्तार

26 Feb 2026 22:05:53
त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल


काठमांडू, 26 फरवरी (हि.स.)। काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से अवैध रूप से बड़ी संख्या में नेपाली पासपोर्ट विदेश ले जाने की कोशिश करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। 48 पासपोर्ट के साथ काठमांडू निवासी 45 वर्षीय तारा चन्द चौधरी को विमानस्थल सुरक्षा कार्यालय की टीम ने नियंत्रण में लिया है।

भूटान एयरलाइंस की उड़ान संख्या बी3 773 से काठमांडू से दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे चौधरी की गतिविधि संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उनसे पूछताछ की।

विमानस्थल सुरक्षा प्रमुख एसएसपी सोमेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय उड़ान क्षेत्र के हैंड बैगेज चेकिंग एरिया में एक्स-रे मशीन से स्कैनिंग के दौरान उनके काले रंग के बैग में बड़ी मात्रा में पासपोर्ट छिपाकर रखे जाने का पता चला।

एसएसपी राठौड़ के मुताबिक पुलिस ने उनके बैग से 48 नेपाली पासपोर्ट बरामद किए, जिन्हें वे अवैध रूप से देश से बाहर ले जाने का प्रयास कर रही थी।

इतनी बड़ी संख्या में पासपोर्ट किसके हैं और उन्हें किस उद्देश्य से दिल्ली ले जाया जा रहा था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

विमानस्थल सुरक्षा कार्यालय ने आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें काठमांडू पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0