
नई दिल्ली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से आबकारी नीति मामले में बरी होने के बाद आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले चार साल से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई का गलत इस्तेमाल करके एक फर्जी शराब घोटाला बनाया गया। आज कोर्ट को यह फैसला करना था कि इस मामले में मुकदमा चलाया जाए या नहीं। कोर्ट ने अपने फैसले में कह दिया है कि यह इतना फर्जी है कि इसमें मुकदमा तक नहीं चलाया जा सकता है।
केजरीवाल ने आआपा के राष्ट्रीय कार्यालय में शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा, ‘मैं कोई नेता नहीं हूं, जो मुझ पर फर्क न पड़े बल्कि मुझे जब कोई बेईमान कहता है, मेरे परिवार को ताने मारे जाते हैं तो मुझे फर्क पड़ता है। मैंने तय किया था कि जब तक मुझे पूरे देश के सामने ईमानदार साबित नहीं किया जाता, तब तक मैं चुप रहूंगा। आज मेरे दिल से बहुत बड़ा बोझ उतर गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल को नहीं हरा सकते थे, इसलिए केजरीवाल की ईमानदारी पर चोट करने के लिए षड्यंत्र रचा गया। आज कोर्ट के फैसले से साबित हो गया कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और आआपा कट्टर ईमानदार है। अब उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए।
केजरीवाल ने कहा कि हमारे परिवार ने बहुत कुछ भुगता है लेकिन हमारे लिए परिवार नहीं, दिल्ली के लोग जरूरी हैं। इस षड्यंत्र का खामियाजा दिल्ली के 3 करोड़ लोग भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस फर्जी घोटाले को सही साबित करने के लिए सभी जांच एजेंसियों ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया लेकिन एक पैसे का भी भ्रष्टाचार साबित नहीं कर पाई। आज कोर्ट में साबित हो गया कि यह पूरा षड्यंत्र आआपा और उसके नेताओं को बदनाम करने के लिए रचा गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव