स्टॉक मार्केट में गॉडियम आईवीएफ की प्रीमियम एंट्री, पहले दिन फायदे में रहे आईपीओ निवेशक

27 Feb 2026 17:46:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 27 फरवरी (हि.स.)। पूरे देश में आईवीएफ ट्रीटमेंट करने वाली कंपनी गॉडियम आईवीएफ एंड वुमेन हेल्थ लिमिटेड के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में मजबूत एंट्री कर अपने आईपीओ निवेशकों को खुश कर दिया। हालांकि लिस्टिंग के बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण कंपनी के आईपीओ निवेशकों के लाभ में कमी आ गई। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 79 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई और एनएसई पर इसकी लिस्टिंग 5.06 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 83 रुपये के स्तर पर हुई।

लिस्टिंग के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह शेयर उछल कर 87.15 के स्तर तक पहुंचा, वहीं बिकवाली का दबाव बनने पर इसने 79.05 रुपये के स्तर तक गोता भी लगाया। पूरे दिन के कारोबार के बाद कंपनी के शेयर बीएसई पर 80.48 रुपये के स्तर पर और एनएसई पर 80.26 रुपये के स्तर पर बंद हुए। इस तरह पहले दिन की कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशक 1.5 प्रतिशत से अधिक का मुनाफा हासिल करने में सफल रहे।

गॉडियम आईवीएफ एंड वुमेन हेल्थ लिमिटेड का 165 करोड़ रुपये का आईपीओ 20 से 24 फरवरी के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 7.27 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 1.62 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 14.05 गुना सब्सक्रिप्शन आ पाया था। इसी तरह रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 7.60 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 165 करोड़ रुपये के 2,08,86,200 नए शेयर जारी किए गए हैं, जबकि ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए पांच रुपये फेस वैल्यू वाले 75 करोड़ रुपये के 94,93,700 शेयर बेचे गए हैं। आईपीओ में नए शेयर की बिक्री के जरिये जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपने पुराने कर्ज को कम करने, नए आईवीएफ सेंटर खोलने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत में उतार-चढ़ाव होता रहा है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 13.53 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। अगले वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी का शुद्ध लाभ घट कर 10.32 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि इसके अगले साल 2024-25 में कंपनी का शुद्ध लाभ उछल कर 19.13 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही में यानी अप्रैल से 30 सितंबर 2025 तक कंपनी को 12.51 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में लगातार तेजी आई। वित्त वर्ष 2022-23 में इसे 44.26 करोड़ का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 48.15 करोड़ रुपये के स्तर पर और 2024-25 में उछल कर 70.96 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही में यानी अप्रैल से 30 सितंबर 2025 तक कंपनी को 49.75 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0