रणजी ट्रॉफी: जीत की दहलीज पर जम्मू-कश्मीर, शनिवार को हुब्बली पहुंचेंगे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला

27 Feb 2026 20:09:53
Ranaji match


Omar abdulla


हुब्बली, 27 फ़रवरी (हि.स.)। कर्नाटक के हुब्बली में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी फाइनल में जम्मू-कश्मीर की टीम ऐतिहासिक जीत के बेहद करीब पहुंच गई है। कर्नाटक के खिलाफ टीम ने अब तक कुल 477 रनों की विशाल बढ़त बना ली है और अंतिम दिन केवल चमत्कार ही कर्नाटक को चैंपियन बना सकता है।

तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक कर्नाटक ने अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट पर 220 रन बनाए थे। लेकिन चौथे दिन टीम केवल 73 रन जोड़ सकी और 93.3 ओवर में 293 रन पर ऑलआउट हो गई। कर्नाटक की ओर से मयंक अग्रवाल ने शानदार 160 रन की पारी खेली, जबकि कृतिका कृष्णा ने 36 और विजय कुमार वैशाख 17 रन बनाकर नाबाद रहे।

जम्मू-कश्मीर की टीम ने पहली पारी में 291 रन की बढ़त बनाई थी और दूसरी पारी में अब तक 57 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 186 रन बना लिए हैं। खमरान इकबाल 94 रन बनाकर नाबाद हैं और शतक के करीब हैं, जबकि अब्दुल समद ने 32 और साहिल लूथरा 16 रन बनाकर क्रीज पर हैं।

कर्नाटक की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट लिए, जबकि विजय कुमार वैशाख और श्रेयस गोपाल को एक-एक सफलता मिली।

इस समय जम्मू-कश्मीर की कुल बढ़त 477 रन है। यदि अंतिम दिन कर्नाटक जल्दी विकेट खोते हैं और आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं तो ही जीत संभव है। अन्यथा मैच ड्रॉ होने की स्थिति में पहली पारी की बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर चैंपियन घोषित होगी।

टीम की ऐतिहासिक खिताब की ओर बढ़ती सफलता को देखते हुए जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला कल (शनिवार को) हुब्बली पहुंचेंगे। उन्होंने विमान में अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि फाइनल तक पहुंचकर टीम ने लाखों लोगों को गर्व महसूस कराया है और वे स्टैंड में बैठकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Powered By Sangraha 9.0