साइक्लिंग प्रतियोगिता में दूसरे दिन क्रॉस कंट्री का आयोजन, इंडोनेशिया के साइक्लिस्ट का दबदबा

27 Feb 2026 19:59:53
साइक्लिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन प्रतिभागी।


धर्मशाला, 27 फ़रवरी (हि.स.)। विश्वविख्यात पैराग्लाइडिंग साइट बीड़-बिलिंग में चल रही एशियाई माउंटेन सीरीज इंडिया प्रतियोगिता के शुक्रवार को दूसरे दिन 21 किलोमीटर लंबी क्रॉस कंट्री ओलंपिक एक्ससीओ में इंडोनेशिया के देवी सयु बेला सुकमा पहले स्थान पर रहे। उन्होंने यह दूरी तय करने में एक घंटा 32 मिनट 16 सेकंड लिए। वही मलेशिया के नोर इंफेण्डी नूर दीन सफिया एक घंटा 41 मिनट और 21 सेकंड लेकर रहे दूसरे स्थान पर तथा इंडोनेशिया के राहमदानी वराह सेफ्टी 1 घंटा 44 मिनट 13 सेकंड लेकर तीसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के तकनीकी निदेशक नमन विज ने बताया की 24 किलोमीटर की क्रॉस कंट्री ओलंपिक एक्स यू कैटेगरी में भारत के नॉबो टी शिवांग एक घंटा 25 मिनट 19 सेकंड लेकर पहले स्थान पर रहे जबकि इंडोनेशिया के फनानी जनियाल जैनल एक घंटा 27 मिनट 6 सेकंड का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहे और भारत के ही घारती खुशिमान एक घंटा 28 मिनट और 22 सेकंड लेकर तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक दौर शनिवार को अंतिम दिन सुबह के समय आयोजित किया जाएगा।

गौरतलब है कि तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का शनिवार को अंतिम दिन है। इस दौरान समापन समारोह में युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादवेंद्र गोमा बतौर मुख्यातिथि विजेता प्रतिभागियों को विशिष्ट अतिथि स्थानीय विधायक किशोरी लाल की मौजूदगी में पुरस्कृत करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Powered By Sangraha 9.0