
जोधपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि एक ओर भारत की सामरिक शक्ति में जबरदस्त इजाफा हुआ है, तो दूसरी ओर रक्षा साजो-सामान के स्वदेशी निर्माण की क्षमता भी तेजी से बढ़ी है।
केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को दिल्ली से जोधपुर पहुंचे और अपने निवास स्थान पर गणमान्य लोगों से मुलाकात की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब भारत रक्षा क्षेत्र में दुनिया के सबसे बड़े आयातकों में गिना जाता था, लेकिन अब देश निर्यातक बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि तेजस लड़ाकू विमान से लेकर मिसाइल और बुलेटप्रूफ जैकेट तक, आज सब कुछ भारत में ही निर्मित हो रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति की मौजूदगी में होने वाला वायुसेना का प्रदर्शन देश की उच्चतम सैन्य क्षमता का परिचायक होगा। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में इस तरह का आयोजन होने से वहां रहने वाले लोगों का भारत की ताकत और क्षमता पर भरोसा और मजबूत होगा।
आतंकवाद के मुद्दे पर शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई है और यह नीति वैश्विक स्तर पर लागू होती है। उन्होंने कहा कि आज वे देश भी आतंकवाद के खिलाफ सख्त रुख अपना रहे हैं, जो पहले इसे बढ़ावा देते रहे हैं।
शेखावत ने पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर भी कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पश्चिम बंगाल में टीएमसी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि बंगाल समेत किसी भी राज्य में एक भी घुसपैठिए को नहीं रहने दिया जाएगा।
---
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश