रांची सिविल कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी

28 Feb 2026 14:36:53
फाइल फोटो  कोर्ट


रांची, 28 फरवरी (हि.स.)। राजधानी रांची स्थित सिविल अदालत को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। शनिवार को ई-मेल के माध्यम से भेजे गए धमकी भरे संदेश में इस बार आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही गई है।

धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने अदालत परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

एहतियातन अदालत के मुख्य प्रवेश द्वार को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया, जबकि अन्य गेटों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की गई।

कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। साथ ही पूरे अदालत परिसर की सुरक्षा जांच जारी है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी 6 फरवरी को रांची सिविल अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Powered By Sangraha 9.0