

- बोत्सवाना से कूनो नेशनल पार्क पहुंचे 9 चीते, केन्द्रीय वन मंत्री ने तीन चीतों को बाड़े में छाेड़ा
भोपाल, 27 फरवरी (हि.स.)। केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि बोत्सवाना से कूनो नेशनल पार्क में लाए गए चीतों से बोत्सवाना और भारत के बीच जैव विविधता संरक्षण की एक ऐतिहासिक साझेदारी प्रारंभ हुई है। यह चीतों की पुनर्बसाहट की दिशा में बड़ा कदम है।
केन्द्रीय मंत्री ने शनिवार को अफ्रीकी देश बोत्सवाना से लाए गए चीतों को मध्य प्रदेश के श्योपुर जनपद स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छाेड़ने के बाद कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशेष पहल और प्रयासों से भारत में चीतों के प्रतिस्थापन की योजना पूरी तरह से सफल रही है। बायोडायवर्सिटी कंजर्वेशन की दिशा में कई देश साथ आये हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में चीता प्रोजेक्ट को साढ़े तीन साल का समय हो गया है। कूनो नेशनल पार्क में चीतों का कुनबा निरंतर बढ़ रहा है, वर्तमान में भारत में चीतों की संख्या 48 हो गई है, जिनमें 45 कूनो नेशनल पार्क और तीन गांधी सागर अभ्यारण में हैं। भारत के प्रयासों से विश्व में जैव विविधता संरक्षण के लिए कार्य किया जा रहा है और 97 देश इस मंच के सदस्य बन गये हैं।
केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भारत में चीतों की पुनर्बसाहट के लिए तीन वर्ष पूर्व शुरू हुए चीता प्रोजेक्ट के तहत बोत्सवाना से लाये गए 9 चीते शनिवार को सुबह लगभग 9.30 बजे कूनो नेशनल पार्क पहुंचे। वायुसेना के तीन हैलीकॉप्टर से ग्वालियर एयरपोर्ट से इन चीतों को कूनो नेशनल पार्क में एयरलिफ्ट किया गया। इन चीतों में 6 मादा और 3 नर चीते शामिल है।
इस अवसर पर बोत्सवाना से आए 9 चीतों में से तीन चीतों को प्रतीकात्मक रूप से क्वारंटीन के लिए बनाये गये बाड़ों में छाेड़ा गया। इसके उपरांत बोत्सवाना से आये चीता विशेषज्ञ दल से भेंट कर चर्चा की, साथ ही उन्हें कूनो नेशनल पार्क की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किये।
इस अवसर पर प्रदेश के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, क्षेत्रीय सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा तुरसनपाल बरैया, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, जनप्रतिनिधि, डीजी वन्य जीव भारत सरकार सुशील कुमार अवस्थी, वन विभाग के एसीएस संदीप यादव, प्रधान मुख्य वन संरक्षण एवं हैड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स वीएन अम्बाडे, चंबल कमिश्नर सुरेश कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर