नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मध्य पूर्व में उभरते हालात के मद्देनजर विमानन तैयारियों की समीक्षा की

युगवार्ता    28-Feb-2026
Total Views |
मध्य पूर्व में बिगड़ते हालात के मद्देनजर समीक्षा बैठक करते के. राम मोहन नायडू


मध्य पूर्व में बिगड़ते हालात के मद्देनजर समीक्षा बैठक करते के. राम मोहन नायडू


- मध्य पूर्व संकट के बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय सतर्क, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश

नई दिल्ली, 28 फरवरी (हि.स)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू ने शनिवार को यहां मध्य पूर्व में तेजी से बिगड़ते हालात और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर उसके संभावित प्रभाव को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय (एमओसीए) के वरिष्ठ अधिकारियों और सभी संबंधित पक्षों के साथ तैयारियों और उपायों की व्यापक समीक्षा की।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय (एमओसीए) ने जारी एक बयान में बताया कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मध्य पूर्व में उभरते हालात के मद्देनजर समीक्षा बैठक की।

के. नायडू ने मध्य पूर्व में बदलते हालात और अंतरराष्ट्रीय विमानन ऑपरेशन पर इसके संभावित असर को देखते हुए सभी संबंधित हितधारकों के साथ तैयारी और उसके उपायों की पूरी समीक्षा की।

मंत्रालय ने बताया कि इस समीक्षा बैठक में एयरलाइंस कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे यात्रियों को देरी, रूट बदलने यानी परिवर्तन के बारे में पहले से बताएं ताकि परेशानी कम हो सके। मंत्रालय ने बताया कि यात्रियों और क्रू सदस्यों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। इसके मद्देनजर नागरिक उड्डयन मंत्रालय सुरक्षित, व्यवस्थित और कुशल हवाई ऑपरेशन पक्का करने के लिए स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है।

मंत्रालय ने हवाई सफर करने वाले यात्रियों से अपील की है कि वे उड़ान से पहले संबंधित एयरलाइंस से नवीनतम अपडेट लें। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यह कदम क्षेत्रीय तनाव के बीच भारतीय विमानन सेवाओं को सुरक्षित रखने की दिशा में उठाया है। इस समीक्षा बैठक में यात्रिायें की सुरक्षा, परिचालन निरंतरता और वास्तविक समय समन्वय सुनिश्चित करने पर फोकस किया गया क्योंकि इस इलाके के कुछ हिस्सों में कई एयरस्पेस पाबंदियों को देखते हुए नोटिस टू एयरमेन (नोटम) जारी किए गए हैं।

इस बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव और मंत्रालय के दूसरे वरिष्ठ अधिकारियों, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई), नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए), एयरलाइन ऑपरेटर्स और देशभर के बड़े एयरपोर्ट ऑपरेटर्स शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags