नीति आयोग ने आकांक्षी ब्लॉकों में कुशल शासन को आगे बढ़ाने पर फ्रंटियर 50 कार्यशाला का किया आयोजन

28 Feb 2026 20:30:53
नीति आयोग के आयोजित 50 फ्रंटियर कार्यशाला का जारी फोटो


नई दिल्ली, 28 फरवरी (हि.स)। नीति आयोग ने 27 फरवरी को आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम (एडीपी/एबीपी) के तहत फ्रंटियर 50 कार्यशाला का आयोजन किया। यह सार्वजनिक नीति में डिजिटल शासन से कुशल एआई-सक्षम शासन की ओर एक रणनीतिक परिवर्तन का प्रतीक है।

नीति आयोग ने शनिवार को जारी एक बयान में बताया कि इस कार्यशाला में नीति आयोग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) निधि छिब्बर, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव प्रोफेसर अभय करंदीकर, नीति फ्रंटियर टेक्नोलॉजी की विशिष्ट फेलो और मुख्य वास्तुकार देबजानी घोष और नीति आयोग के अपर सचिव एवं मिशन निदेशक, आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक कार्यक्रम के रोहित कुमार उपस्थित थे।

मंत्रालय के मुताबिक इस कार्यशाला में केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और जिला मजिस्ट्रेटों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। विचार-विमर्श में 50 आकांक्षी ब्लॉकों में फ्रंटियर टेक्नोलॉजी को वास्तविक दुनिया के प्रभाव के परीक्षण क्षेत्रों के रूप में कार्यान्वित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। कार्यशाला के दौरान एडीपी/एबीपी न्यूज़लेटर 'आकांक्षी टाइम्स' का विमोचन किया गया।

नीति आयोग के मुताबिक कार्यशाला वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी राष्ट्रीय तकनीकी लाभ को प्राप्त करने, आर्थिक विकास और सामाजिक प्रगति को गति देने और रणनीतिक स्वायत्तता को मजबूत करने में सहायक हो सकती है। निष्कर्ष के तौर पर, नीति आयोग ने सूक्ष्म स्थानीयकरण, अंतरसंचालनीय जिला डेटा स्टैक, मापने योग्य परिणामों और जवाबदेह नेतृत्व पर बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0