खाड़ी देशों में रहने वाले नेपाली नागरिकों की सुरक्षा को लेकर प्रमुख दलों ने सरकार को आगाह किया

28 Feb 2026 21:23:53
गगन थापा ओली और प्रचण्ड


काठमांडू, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मध्यपूर्व में रह रहे नेपाली नागरिकों की सुरक्षा पर ध्यान देने के लिए नेपाली कांग्रेस, नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (नेकपा) ने सरकार से आग्रह किया है।

अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर सैन्य हमला किया है। इसके जवाब में ईरान ने भी मध्यपूर्व में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमला किया है, जिससे क्षेत्र का जनजीवन प्रभावित हुआ है।

इसी संदर्भ में तीनों प्रमुख दलों के नेतृत्व ने सरकार का ध्यान आकर्षित कराया है। नेपाली कांग्रेस के नेता गगन थापा ने सोशल मीडिया के माध्यम से मध्यपूर्व की तनावपूर्ण स्थिति पर चिंता व्यक्त की है।

उन्होंने कहा, “मध्यपूर्व में विकसित हालिया तनावपूर्ण परिस्थितियों ने हमें चिंतित किया है। विभिन्न देशों में रह रहे हमारे सभी नेपाली भाई-बहनों की सुरक्षा और अधिक संवेदनशील हो गई है। इस परिस्थिति के बारे में सचेत रहें और सुरक्षा सावधानियां अपनाएं। अत्यावश्यक कार्य के अलावा सुरक्षित स्थान पर ही रहें तथा सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करें।”

थापा ने नेपाली नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार से भी ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, “मैं नेपाल सरकार, विदेश मंत्रालय और संबंधित देशों में स्थित नेपाली दूतावासों से अनुरोध करता हूं कि वहां रह रहे नेपाली नागरिकों की स्थिति की निरंतर जानकारी लें और उनकी तत्काल सहायता तथा सुरक्षित प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम उठाएं।”

इसी तरह पूर्व प्रधानमंत्री तथा एमाले अध्यक्ष केपी शर्मा ओली ने भी मध्यपूर्व की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा, “मध्यपूर्व में हाल में उत्पन्न तनाव ने हमें चिंतित किया है।”

ओली ने यूएई, इजराइल, ईरान सहित मध्यपूर्वी देशों में रह रहे नेपाली नागरिकों से सुरक्षित और सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही उन्होंने वहां स्थित नेपाली दूतावासों और नेपाल सरकार से नेपाली नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्काल सक्रिय होने का अनुरोध किया है।

वहीं, नेकपा के संयोजक पुष्पकमल दाहाल ‘प्रचण्ड’ ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से मध्यपूर्व की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा, “ईरान पर अमेरिका और इजराइल द्वारा किए गए हमलों तथा उसके बाद विकसित घटनाक्रमों ने मध्यपूर्व क्षेत्र में गंभीर तनाव उत्पन्न कर दिया है। मैं इस स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करता हूं।”

प्रचण्ड ने सरकार से मध्यपूर्व में कार्यरत लाखों नेपाली नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और आवश्यक कूटनीतिक पहल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा, “विकसित परिस्थितियों का सीधा प्रभाव उन पर पड़ सकता है, इसलिए नेपाल सरकार उच्च सतर्कता अपनाए, आवश्यक कूटनीतिक प्रयास करे और किसी भी नेपाली नागरिक की सुरक्षा में कोई कमी न आने दे।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0