ओमान के विदेशमंत्री का दावा-अमेरिका और ईरान समझौते के करीब

28 Feb 2026 10:41:53
ओमान के विदेशमंत्री बद्र अलबुसैदी। फोटो -सीबीएस न्यूज


वाशिंगटन, 28 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान पर हमला करने के इरादे के बीच ओमान के विदेशमंत्री बद्र अलबुसैदी ने शुक्रवार को दावा किया कि अमेरिका और ईरान समझौते के करीब हैं। वार्ताकारों ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने के समझौता की दिशा में काफी प्रगति की है। अलबुसैदी पिछले महीने अमेरिका और ईरान के बीच हुई तीन दौर की बातचीत में मध्यस्थ के रूप में मौजूद रहे हैं।

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा कि ईरान इस बात पर सहमत हो गया है कि उसके पास कभी भी ऐसी परमाणु सामग्री नहीं होगी जिससे बम बन सके। उन्होंने कहा कि यह बहुत बड़ी सहमति है। अल्बुसैदी के अनुसार, ईरान अपने संवर्धित यूरेनियम के मौजूदा भंडार को कम करेगा। यही नहीं वह यूएन की इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी को समझौते की शर्तों के सत्यापन के लिए अपनी न्यूक्लियर साइट्स का निरीक्षण कराने के लिए भी तैयार है। इस सत्यापन में अमेरिका के निरीक्षक भी शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि समझौते के अन्य तकनीकी पहलुओं पर बातचीत सोमवार को वियना में होनी है। अल्बुसैदी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह कुछ दिनों बाद स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर से मिल पाएंगे। अल्बुसैदी के दावे के उलट ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि वह बातचीत से खुश नहीं हैं। हालांकि ट्रंप ने इस दौरान साफ किया कि उन्होंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि हमले की इजाजत देनी है या नहीं।

उल्लेखनीय है कि ईरान और अमेरिका के वार्ताकार पिछले महीने तीन दौर की बातचीत कर चुके हैं। वार्ता का पहला दौर ओमान, दूसरा और तीसरा दौर स्विट्जरलैंड के जिनेवा में हो चुका है। इन वार्ताओं के विफल रहने पर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अमेरिका के विदेश सचिव मार्को रुबियो कड़ा रुख अपनाने की बात कह चुके हैं। अल्बुसैदी ने कहा कि उनका मानना है कि ईरान हर मुद्दे पर बात करने के लिए तैयार है। उन्होंने दोहराया कि दोनों देश समझौते के बहुत करीब हैं। समझौते की शर्तों को लागू करने में तीन महीने लग सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0