
जयपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। जैसलमेर में 6 से 8 मार्च 2026 को तीन दिवसीय चादर महोत्सव और दादागुरु इकतीसा पाठ का आयोजन होगा। इस महोत्सव स्थल पर तैयारियां जोरों पर हैं। इस महोत्सव का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख डॉ मोहन भागवत करेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 7 मार्च को विश्वभर में एक साथ 1 करोड़ 8 लाख श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक दादागुरु इकतीसा पाठ का ऐतिहासिक महासंकल्प है।
चादर महोत्सव समिति के चेयरमैन एवं महाराष्ट्र सरकार के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन दादा गुरूदेव जिनदत्तसुरि चादर महोत्सव समिति के अंतर्गत हो रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ,विश्व हिंदू परिषद, हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान,विद्या भारती तथा अनेक सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि कार्यक्रम में सहभागी हैं। कार्यक्रम गच्छाधिपति आचार्य मणि प्रभ सूरी की पावन निश्रा में सम्पन्न होगा। इस विराट महोत्सव के प्रेरणास्रोत पूज्य आचार्य जिनमनोज्ञ सागर है । आयोजन में विभिन्न भारतीय परंपराओं के करीब 400 संतों की उपस्थिति होगी। करीब 20 हजार श्रद्धालुओं की तीन दिवसीय कार्यक्रम में मौजूदगी रहेगी।
लोढ़ा के अनुसार यह अभियान निर्धारित समय पर देश–विदेश के विभिन्न नगरों में श्रद्धालु अपने-अपने स्थानों से एक साथ दादागुरु इकतीसा पाठ करेंगे, जिससे विश्वभर में आध्यात्मिक चेतना की सामूहिक तरंग उत्पन्न होगी। इस विराट संकल्प के प्रेरणास्रोत पूज्य आचार्य जिन मनोज्ञ सागर हैं, जिनकी प्रेरणा से यह आयोजन वैश्विक आध्यात्मिक आंदोलन का रूप ले रहा है।
6 से 8 मार्च 2026 को गच्छाधिपति आचार्य जिनमणिप्रभ सूरी जी की पावन निश्रा में आयोजित होने जा रहे त्रिदिवसीय चादर महोत्सव का मुख्य आकर्षण 7 मार्च 2026 को विश्वभर में एक साथ 1 करोड़ 8 लाख श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक दादागुरु इकतीसा पाठ का ऐतिहासिक महासंकल्प रहेगा।
संयोजक जीतो के पूर्व चेयरमैन तेजराज गोलेछा के अनुसार जैसलमेर में चादर महोत्सव के पहले दिन 6 मार्च को महोत्सव की शुरुआत गच्छाधिपति श्री, आचार्य, उपाध्याय सहित भगवंतों के मंगल प्रवेश से होगी। इसके बाद आयोजित धर्मसभा में आरएसएस सरसंघचालक मोहन राव भागवत मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर चादर समारोह सिक्का और विशेष डाक टिकट का विमोचन होगा। शाम को पहली बार दादा गुरुदेव के जीवन पर आधारित जीवंत नाटिका का मंचन होगा। कार्यक्रम के दूसरे दिन 7 मार्च को जैसलमेर किले से चादर वरघोड़ा निकलेगा।
जैसलमेर जैन ट्रस्ट के अध्यक्ष महेंद्र सिंह भंसाली ने बताया कि जैन समाज के जैसलमेर में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर डेडानसर मैदान में विशाल डोम टेंट लगाने का काम एक महिने से शुरू है। इसके अलावा मैदान में एक संग्रहालय भी तैयार किया जा रहा है। देश-दुनिया से दादागुरु जिनदत्त सूरि के करीब 20 हजार भक्तजन इस मौके पर जैसलमेर आएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश