बेंगलुरु मई में करेगा एटीपी चैलेंजर टूर्नामेंट की मेजबानी

28 Feb 2026 18:52:53
बेंगलुरु का कृष्णा टेनिस स्टेडियम


बेंगलुरु, 28 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय टेनिस को बड़ा प्रोत्साहन मिलने जा रहा है, क्योंकि कर्नाटक स्टेट लॉन टेनिस एसोसिएशन (केएसएलटीए) 11 से 17 मई और 18 से 24 मई 2026 तक एस.एम. कृष्णा टेनिस स्टेडियम में लगातार दो एटीपी चैलेंजर 50 टूर्नामेंट आयोजित करेगा।

दो सप्ताह तक चलने वाले इस टूर्नामेंट से बेंगलुरु भारत में पुरुष पेशेवर टेनिस का प्रमुख केंद्र बन जाएगा। खिलाड़ियों को घरेलू सरजमीं पर लगातार एटीपी रैंकिंग अंक अर्जित करने का अवसर मिलेगा। एटीपी चैलेंजर टूर, आईटीएफ सर्किट और एटीपी टूर के बीच एक अहम कड़ी माना जाता है, जो उभरती प्रतिभाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

यह घोषणा जनवरी में बेंगलुरु ओपन 125 के सफल 10वें संस्करण और इसी महीने नीदरलैंड्स पर भारत की 3-2 की रोमांचक डेविस कप जीत के बाद की गई है।

केएसएलटीए के मानद सचिव और ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी (जीबीए) के मुख्य आयुक्त महेश्वर राव (आईएएस) ने कहा कि लगातार दो एटीपी चैलेंजर 50 टूर्नामेंट की मेजबानी बेंगलुरु को हाई-परफॉर्मेंस टेनिस डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की उनकी प्रतिबद्धता दर्शाती है। उन्होंने भारतीय खेल प्राधिकरण, कर्नाटक सरकार और प्रायोजकों का आभार भी जताया।

ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) के महासचिव अनिल धूपर ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि मई में दो अतिरिक्त एटीपी चैलेंजर 50 टूर्नामेंट भारत में आयोजित होना देश के टेनिस इकोसिस्टम को मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है।

उन्होंने कहा कि घरेलू स्तर पर उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं में नियमित भागीदारी खिलाड़ियों के विकास और आत्मविश्वास के लिए बेहद जरूरी है।

टूर्नामेंट निदेशक और केएसएलटीए के मानद संयुक्त सचिव सुनील याजमान ने कहा कि दो सप्ताह का यह प्रारूप खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक रूप से बेहतर प्रतिस्पर्धा का अवसर देगा।

उन्होंने कहा कि घरेलू आयोजन से यात्रा की थकान कम होगी और खिलाड़ी अपनी सर्वश्रेष्ठ लय बरकरार रख सकेंगे।

बेंगलुरु पहले भी डेविस कप, बेंगलुरु ओपन (एटीपी चैलेंजर 125) और कई आईटीएफ टूर्नामेंट की सफल मेजबानी कर चुका है। सुमित नागल और प्रजनेश गुणेश्वरन जैसे खिलाड़ियों के करियर को संवारने में इस शहर की अहम भूमिका रही है। हाल ही में वैश्नवी अडकर की खिताबी जीत ने भी इसे भारतीय टेनिस के उभरते सितारों की मजबूत जमीन के रूप में स्थापित किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0