दिल्ली ने सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी जीती, फाइनल में रेलवे को 7 विकेट से हराया

28 Feb 2026 18:26:58
दिल्ली की बल्लेबाज प्रिया पुनिया


नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली ने शनिवार को मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेले गए सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी (एलीट) फाइनल में रेलवे को सात विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। यह सीनियर वर्ग में इस प्रारूप का दिल्ली का दूसरा खिताब है।

134 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 29 ओवर के भीतर मुकाबला समाप्त कर दिया। ओपनर प्रिया पुनिया ने 90 गेंदों पर 76 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि उनकी साझेदार प्रग्या रावत ने 56 गेंदों में 46 रन बनाए। रेलवे की पूनम यादव ने दो विकेट जरूर झटके, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और टीम वापसी नहीं कर सकी।

इससे पहले रेलवे ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी, लेकिन टीम 133 रनों पर सिमट गई। दयालन हेमलता ने 105 गेंदों पर 64 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, पर उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला। पूनम यादव ने 19 रन बनाए, जो टीम का दूसरा सर्वोच्च स्कोर रहा।

दिल्ली की ओर से पारुनिका सिसोदिया ने 10 ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। सोनी यादव, नजमा और दिशा नागर ने दो-दो विकेट लेकर रेलवे की पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0