वॉशिंगटन, 28 फरवरी ()हि.स.। अमेरिका और इजराइल की सैन्य कार्रवाई के बीच व्हाइट हाउस ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई फोन वार्ता की पुष्टि की है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो में अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के सदस्यों के साथ पूरी रात हालात पर नजर रखी। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नेतन्याहू से फोन पर बातचीत की।
लेविट के अनुसार, हमलों से पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कांग्रेस के ‘गैंग ऑफ एट’ के सदस्यों को सूचना देने के लिए संपर्क किया। उन्होंने बताया कि आठ में से सात सदस्यों से बात कर उन्हें स्थिति की जानकारी दी गई।
व्हाइट हाउस ने कहा है कि राष्ट्रपति और उनकी राष्ट्रीय सुरक्षा टीम पूरे दिन हालात पर करीबी नजर बनाए रखेंगे। अमेरिकी प्रशासन ने संकेत दिया है कि क्षेत्र में बदलती परिस्थितियों के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय