गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर दिल्ली कैपिटल्स डब्ल्यूपीएल 2026 के फाइनल में

युगवार्ता    03-Feb-2026
Total Views |
डब्ल्यूपीएल ट्रॉफी को निहालती दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स


गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर दिल्ली कैपिटल्स डब्ल्यूपीएल 2026 के फाइनल में


वडोदरा, 03 फरवरी (हि.स.)। वीमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने दमदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। वडोदरा में खेले गए इस मैच में गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 168 रन बनाए और दिल्ली को 169 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में दिल्ली ने 26 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

गुजरात जायंट्स की ओर से कप्तान बेथ मूनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों पर 62 रन बनाए। जॉर्जिया वेयरहैम ने 35 रनों का उपयोगी योगदान दिया, जबकि काशवी गौतम ने अंत में 10 गेंदों पर 18 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। हालांकि, बड़े स्कोर की उम्मीद के बावजूद गुजरात की पारी 168 रन पर सिमट गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को लिजेल ली और शेफाली वर्मा ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले 7 ओवर में ही 89 रन जोड़कर मैच का रुख दिल्ली की ओर मोड़ दिया। शुरुआती झटकों के बाद लॉरा वुल्वार्ट और कप्तान जेमिमा रोड्रीग्स ने पारी को संभाला और 68 रनों की अहम साझेदारी की।

कप्तान जेमिमा रोड्रीग्स ने 23 गेंदों पर 41 रन बनाकर जीत की नींव मजबूत की। उनके आउट होने के बाद लॉरा वुल्वार्ट 32 रन बनाकर नाबाद रहीं और टीम को जीत दिलाकर लौटीं।

इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स ने डब्ल्यूपीएल इतिहास में लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचने का रिकॉर्ड बनाया है। हालांकि टीम अब तक खिताब नहीं जीत सकी है, लेकिन इस बार वह ट्रॉफी जीतने के इरादे से उतरेगी। फाइनल में 5 फरवरी को दिल्ली कैपिटल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags