
कोलकाता, 03 फरवरी (हि. स.)। कोयला तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज सुबह पश्चिम बंगाल और दिल्ली में एक साथ बड़ी कार्रवाई की। कोलकाता, दुर्गापुर, आसनसोल, बर्धमान और दिल्ली सहित कुल नौ ठिकानों पर ईडी की टीमों ने तलाशी अभियान शुरू किया है।
सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी कोयला तस्करी से अर्जित काले धन को हवाला के जरिए कहां और कैसे भेजा गया, इसी नेटवर्क की जांच के तहत की जा रही है। दुर्गापुर में ईडी ने कई जगहों पर एक साथ छापा मारा। सुबह करीब छह बजे दुर्गापुर के सेपको टाउनशिप में बालू कारोबारी प्रवीर दत्त के आवास पर ईडी की टीम पहुंची। इसके अलावा सिटी सेंटर इलाके के अंबेडकर सरणी स्थित एक मकान और पांडवेश्वर व कांकसा थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के बाइपास के पास एक अन्य आवास पर भी तलाशी ली गई। यह सभी बालू कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, ये कारोबारी अजय और दामोदर नदियों से बालू निकालकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करते थे। आरोप है कि वैध टेंडर के जरिए अधिकृत बालू घाटों से खनन के साथ-साथ कई स्थानों पर अवैध रूप से भी बालू निकाला जाता था। इसके अलावा, बालू के चालान में हेराफेरी और एक ही चालान का कई बार इस्तेमाल कर तस्करी करने के भी आरोप हैं।
यह भी आरोप है कि बीरभूम जिले के बालू के चालान का इस्तेमाल कर पश्चिम बर्धमान जिले में बालू की अवैध आपूर्ति की जाती थी। ईडी को संदेह है कि इसी अवैध कारोबार के जरिए आरोपितों ने बड़ी मात्रा में संपत्ति अर्जित की है। फिलहाल, सभी ठिकानों पर तलाशी के अलावा दस्तावेजों की जांच चल रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर