
नई दिल्ली, 03 फ़रवरी (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने मेलबर्न के रोविल में ऑस्ट्रेलियन इंडियन कम्युनिटी सेंटर में महात्मा गांधी की नई मूर्ति के चोरी होने की घटना की कड़ी निंदा की है और ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों से तुरंत मूर्ति बरामद कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ऑस्ट्रेलिया में महात्मा गांधी की प्रतिमा के संबंध में मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हम मेलबर्न के रोविल स्थित ऑस्ट्रेलियाई भारतीय सामुदायिक केंद्र में अज्ञात लोगों द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़फोड़ कर हटाए जाने की कड़ी निंदा करते हैं। हमने इस मामले को ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के समक्ष उठाया है। उनसे लापता प्रतिमा को बरामद करने और दोषियों को सजा दिलाने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
उल्लेखनीय है कि मेलबर्न के रोविल स्थित ऑस्ट्रेलियाई भारतीय सामुदायिक केंद्र के बाहर से महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा चोरी हो गई है। यह प्रतिमा नई दिल्ली स्थित भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) की ओर से उपहार स्वरूप दी गई थी। स्थानीय समाचार रिपोर्टों के अनुसार चोरी सोमवार को लगभग 12:50 बजे हुई। पुलिस ने बताया कि तीन अज्ञात अपराधियों ने 426 किलोग्राम की प्रतिमा को उसके आधार से काटने के लिए एंगल ग्राइंडर का इस्तेमाल किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा