मप्र एसडीएसएफ, आरपीएफ और वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दुर्लभ प्रतिबंधित 311 कछुए जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

03 Feb 2026 22:39:53
दुर्लभ प्रतिबंधित कछुए (प्रतीकात्मक)


भोपाल, 03 फरवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश में वन्यजीव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं वन मंडल भोपाल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्लभ एवं प्रतिबंधित प्रजाति के 311 कछुओं को जब्त किया है, साथ ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई कि गुप्त सूचना के आधार पर एसडीएसएफ, आरपीएफ और वन विभाग की संयुक्त टीम ने रेलगाड़ी संख्या 19322 पटना–इंदौर एक्सप्रेस के प्रथम श्रेणी वातानुकूलित कोच (फर्स्ट एसी) की तलाशी ली गई। इस दौरान आरोपी अजय सिंह राजपूत पुत्र रामकुमार के कब्जे से इन कछुओं को बरामद किया गया। इस संबंध में मंगलवार को वन अपराध प्रकरण क्रमांक 237/23 पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

प्राथमिक जांच में यह वन अपराध अंतरराज्यीय स्तर का प्रतीत होने के कारण, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक के निर्देश पर प्रकरण दर्ज कर स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उसे बुधवार, 4 फरवरी को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। जब्त किए गए सभी वन्यजीव कछुओं का वन्यजीव पशु चिकित्सक द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाने के बाद उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से मुक्त किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0