नाटो प्रमुख बोले- यूक्रेन समझौते को तैयार, लेकिन रूस हमलों से ‘अराजकता’ फैला रहा

युगवार्ता    03-Feb-2026
Total Views |

ब्रसेल्स/कीव, 03 फरवरी (हि.स.)। नाटो महासचिव मार्क रुटे और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने मंगलवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में रूस-यूक्रेन युद्ध, सुरक्षा गारंटी और संभावित वार्ता पर अहम बयान दिए। दोनों नेताओं ने कहा कि यूक्रेन किसी स्वीकार्य समझौते की दिशा में आगे बढ़ने को तैयार है, लेकिन रूस के ताजा हमले शांति प्रयासों के लिए नकारात्मक संकेत हैं।

जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि रूस ने हालिया ऊर्जा युद्धविराम की शर्तों का उल्लंघन करते हुए रातभर हमले किए, जिनके “परिणाम” होने चाहिए। उन्होंने साझेदार देशों से चुप न रहने की अपील की और कहा कि यूरोप की सुरक्षा के लिए वायु रक्षा प्रणालियों तथा मिसाइलों से जुड़े लाइसेंस अहम हैं।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि लगभग 8 लाख सैनिकों वाली यूक्रेन की सेना मौजूदा सुरक्षा जरूरतों के अनुरूप है। उनके मुताबिक यूरोपीय संघ की सदस्यता दीर्घकालिक सुरक्षा ढांचे का हिस्सा है, लेकिन असली सवाल यह है कि भविष्य में हमले की स्थिति में यूरोप और अमेरिका क्या कदम उठाएंगे।

नाटो प्रमुख रुटे ने यूक्रेन के लिए बाध्यकारी सुरक्षा गारंटी की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने “कोएलिशन ऑफ द विलिंग” के तहत यूरोपीय बलों की तैनाती और अमेरिकी बैकस्टॉप को महत्वपूर्ण बताया। रुटे ने उम्मीद जताई कि नाटो देश इस वर्ष हथियार खरीद कार्यक्रम के तहत यूक्रेन के लिए बड़े वित्तीय आवंटन करेंगे। उन्होंने सहयोगियों के बीच “संतुलित बोझ-वितरण” की भी अपील की।

रुटे ने रूस के हमलों को नागरिक ढांचे को निशाना बनाने वाला बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों के बीच अराजकता फैल रही है। उनके अनुसार, यूक्रेन वार्ता के लिए तैयार है, मगर रूस के ताज़ा हमले भविष्य की बातचीत से पहले खराब संकेत देते हैं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags