
इंदाैर, 03 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत बुधवार चार फरवरी को मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में महत्वपूर्ण प्रवास पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान सरसंघचालक डॉ भागवत “मनुष्य निर्माण से राष्ट्र निर्माण” जैसे गहन और प्रेरक विषय पर उद्बोधन देंगे।
उल्लेखनीय है कि यह प्रवास सामाजिक समरसता, सेवा और राष्ट्र निर्माण के विचार को सशक्त करने की दृष्टि से विशेष महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूजनीय डॉ मोहन भागवत चार फरवरी बुधवार को प्रातः इंदौर आगमन करेंगे। इसके पश्चात वे कसरावद, जिला खरगोन के लिए प्रस्थान करेंगे। कसरावद पहुंचकर वे श्री रामकृष्ण विश्व सद्भावना निकेतन द्वारा आयोजित एक विचार-प्रेरक कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सेवा, समर्पण और सद्भाव के भाव को और अधिक मजबूत करना है।
यह कार्यक्रम विशेष रूप से सेवा कार्यों से जुड़े व्यक्तियों के लिए आयोजित किया गया है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक उत्थान, ग्रामीण विकास और आपदा सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत स्वयंसेवकों एवं कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। डॉ मोहन भागवत जी अपने उद्बोधन में इस बात पर विशेष बल देंगे कि राष्ट्र का निर्माण केवल नीतियों, संसाधनों या संस्थाओं से नहीं होता, बल्कि सशक्त, संस्कारित और जिम्मेदार नागरिकों से होता है। “मनुष्य निर्माण से राष्ट्र निर्माण” का विचार इसी मूल भावना को रेखांकित करता है। उनका मानना है कि जब व्यक्ति का चरित्र, विचार और आचरण मजबूत होता है, तभी समाज और राष्ट्र स्वतः सशक्त बनता है।
कार्यक्रम का आयोजन नर्मदालय आश्रम, लेपा पुनर्वास क्षेत्र में किया जा रहा है। नर्मदालय परिवार वर्षों से नर्मदा अंचल में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, सामाजिक कार्यकर्ता, प्रबुद्धजन एवं स्थानीय नागरिकों के उपस्थित रहने की संभावना है।
कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है:
दिनांक: 4 फरवरी 2026, बुधवार
समय: दोपहर 1:30 बजे से सायं 05:00 बजे तक
स्थान: नर्मदालय आश्रम, लेपा पुनर्वास, तहसील कसरावद, जिला खरगोन, मध्य प्रदेश
आयोजक: नर्मदालय परिवार
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी