भारत ब्रिक्स औद्योगिक दक्षता केंद्र में शामिल

युगवार्ता    04-Feb-2026
Total Views |
समझौते पर हस्ताक्षर के जारी फोटो


नई दिल्‍ली, 04 फरवरी (हि.स)। विनिर्माण और लघु एवं मध्यम उद्यमों को समर्थन देने के लिए भारत ब्रिक्स औद्योगिक दक्षता केंद्र (बीसीआईसी) में शामिल हुआ। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की तरफ से यह जानकारी दी गई है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बयान में कहा कि उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) की ओर से नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में आयोजित कार्यक्रम में भारत ब्रिक्स औद्योगिक दक्षता केंद्र (बीसीआईसी) में शामिल हुआ। इस अवसर पर डीपीआईआईटी के आर्थिक सलाहकार अग्रिम कौशल और यूएनआईडीओ निदेशक डॉ. क्रिस्टियानो पासिनी ने एक ट्रस्ट फंड समझौते पर हस्ताक्षर किए जिसके तहत बीसीआईसी ढांचे में भारत की भागीदारी को औपचारिक रूप दिया गया।

मंत्रालय के मुताबिक भारत में राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद (एनपीसी) को ब्रिक्स औद्योगिक दक्षताओं के केंद्र के रूप में नामित किया गया है। एनपीसी डीपीआईआईटी के नीतिगत मार्गदर्शन और यूएनआईडीओ के तकनीकी सहयोग से ब्रिक्स औद्योगिक दक्षताओं के साथ भारत की सहभागिता का नेतृत्व करेगा और क्षमता निर्माण, उत्पादकता वृद्धि और उन्नत विनिर्माण पद्धतियों को अपनाने में योगदान देगा।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डीपीआईआईटी के सचिव अमरदीप सिंह भाटिया ने की और इसमें एनपीसी की महानिदेशक नीरजा शेखर के साथ-साथ डीपीआईआईटी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, यूएनआईडीओ तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफआईसीआई) के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

उल्‍लेखनीय है कि ब्रिक्स औद्योगिक दक्षता केंद्र संयुक्त राष्ट्र औद्योगिक विकास संगठन (यूएनआईडीओ) के साथ साझेदारी में ब्रिक्स देशों में विनिर्माण कंपनियों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को एकीकृत सहायता सेवाएं प्रदान करने वाले केंद्र के रूप में कार्य करता है, जिसका मुख्य उद्देश्य उद्योग 4.0 की दक्षताओं को मजबूत करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags