मप्र के अशोकनगर में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे सिंधिया, सर्वे और मुआवजे के दिए निर्देश

युगवार्ता    04-Feb-2026
Total Views |
ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के बीच पहुँचे सिंधिया


ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के बीच पहुँचे सिंधिया


‘सांदीपनि सी.एम. राइज स्कूल’ के उद्घाटन कार्यक्रम में सिंधिया


‘सांदीपनि सी.एम. राइज स्कूल


- प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसान की पीड़ा संवेदना नहीं, समाधान पाएगी : केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

अशेाक नगर, 04 फरवरी (हि.स.)। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने मध्य प्रदेश के चार दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन बुधवार को अशोकनगर जिले के नरखेड़ा क्षेत्र में पहुंचे और हालिया ओलावृष्टि से प्रभावित अन्नदाता किसान भाई-बहनों से मुलाकात की।

खेतों में खड़ी फसलों के नष्ट होने से चिंता से भरे चेहरों को देखकर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया का मन व्यथित हो उठा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आपदा केवल फसलों का नुकसान नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत, आशा और पूरे वर्ष की तपस्या पर पड़ा गहरा आघात है।

खेतों में जाकर हालात का किया प्रत्यक्ष अवलोकन

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने ओलावृष्टि प्रभावित खेतों का दौरा कर स्वयं फसलों की क्षति का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद किया और उनकी पीड़ा सुनी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के दुःख में सहभागी है और संकट की इस घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी। उन्होंने मौके पर जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए, वास्तविक क्षति का आकलन हो और पात्र किसानों को शीघ्र राहत एवं मुआवज़ा उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सहायता प्रक्रिया पारदर्शी, सरल और समयबद्ध हो, ताकि किसानों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में किसान कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन तथा प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा सरकार किसानों के हित में दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है। ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर उन्होंने कहा कि किसानों की पीड़ा को केवल शब्दों से नहीं, बल्कि ठोस और त्वरित समाधान के माध्यम से दूर किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राकृतिक आपदाओं के समय किसानों के साथ मजबूती से खड़ा रहना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर विधायकगण बृजेन्‍द्र सिंह यादव, जगन्‍नाथ सिंह रघुंवशी, भाजपा जिला अध्‍यक्ष आलोक तिवारी, पूर्व विधायक जजपाल सिंह जज्‍जी, कलेक्‍टर साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिका‍रीगण साथ थे।

सिंधिया ने पिपरई को दी 32 करोड़ रुपये के ‘सांदीपनि सी.एम. राइज स्कूल’ की सौगात

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को अशोकनगर जिले के भ्रमण के पिपरई को बड़ी सौगात देते हुए यहां 32 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले ‘सांदीपनि सी.एम. राइज स्कूल’ का उद्घाटन किया। इससे पहले उन्होंने चंदेरी में शिशु मंदिर का भी उद्घाटन किया और माधव महाविद्यालय में अपने पिता स्व. माधवराव सिंधिया सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण एवं नई माधव साइंस कॉलेज बिल्डिंग का भी लोकार्पण किया।

इस अवसर पर सिंधिया ने क्षेत्र के नागरिकों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह विद्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि गाँव के बच्चों के सपनों, संभावनाओं और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर बच्चे तक पहुँचे। पिपरई में स्थापित यह स्कूल यह सुनिश्चित करेगा कि गाँव का बच्चा भी वही संसाधन, वही गुणवत्ता और वही अवसर पाए जो देश के बड़े महानगरों के बच्चों को मिलते हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इन स्कूलों का नाम ‘सांदीपनि’ रखने को अत्यंत सार्थक बताया। सिंधिया ने बताया कि 32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह परिसर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। इसमें स्मार्ट क्लासरूम, विज्ञान, गणित और भाषा के लिए आधुनिक प्रयोगशालाएँ, तथा नवीन शिक्षण संसाधन उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही व्यावसायिक शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि तकनीकी और व्यावहारिक कौशल भी प्राप्त करें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में ‘रोजगार सृजन करने वाले’ बन सकें।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार दिलाना नहीं, बल्कि संस्कारवान, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। इस विद्यालय में बच्चों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ा जाएगा, ताकि वे ज्ञान के साथ-साथ चरित्र निर्माण की भी मजबूत नींव प्राप्त कर सकें।

नया भारत: ज्ञान और तकनीक का संगम

सिंधिया ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत की शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में लागू ‘नई शिक्षा नीति’ (NEP) विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर दे रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इसी स्कूल से भविष्य के डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, उद्यमी और देश का नेतृत्व करने वाले कर्णधार निकलेंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव की सरकार में प्रदेश में नौनिहालों की शिक्षा को लेकर बड़े कदम उठाये जा रहे हैं।

संत शिरोमणि गुरू रविदास जी महाराज की जयंती के कार्यक्रम में शामिल हुए सिंधिया

इससे पहले केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने बुधवार को अशोकनगर जिले के भ्रमण के दौरान जनपद पंचायत मुंगावली की ग्राम पंचायत बंगला चौराहा में आयोजित संत शिरोमणि गुरू रविदास जी महाराज की जयंती के कार्यक्रम में मुख्‍य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उन्होंने संत रविदास मंदिर में दर्शन किये।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संत रविदास (रैदास) मध्यकालीन भक्ति आंदोलन के महान संत और समाज सुधारक थे, जिन्होंने समानता, प्रेम और मानसिक पवित्रता पर आधारित एक समतामूलक समाज का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पांत के भेदभाव, अंधविश्वास और सामाजिक असमानता का विरोध किया और ईश्वर में सच्ची भक्ति व मेहनत के माध्यम से मुक्ति का मार्ग बताया।

उन्‍होंने कहा कि संत रविदास विश्‍व को राह दिखाने वाले संत थे,हम सभी उनकी 649वीं जयंती मना रहे है,उनकी मेहनत,संघर्षशीलता और बुलंदी से देश को पहचान मिली है। हम सभी उनका अनुसरण कर जीवन की राह पर आगे बढ़े। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी एवं मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव समाज हित में अनेक कार्य कर रहे। उन्‍होंने बाबा साहब अम्‍बेडकर स्‍मॉरक तथा संत रविदास के भव्‍य मंदिरों के निर्माण का बीडा उठाया है और उसे पूरा कर रहे है। उन्‍होंने संत रविदास जी के पद चिन्‍हों पर सबका साथ,सबका विकास को लेकर विभिन्‍न योजनाओं के माध्‍यम से लाभ दिलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Tags