एनटीएच ने एसटीक्यूसी-ईआरटीएल (नॉर्थ) के साथ किया सहयोग समझौता

युगवार्ता    04-Feb-2026
Total Views |
एसटीक्यूसी-ईआरटीएल समझौते का फोटो


-इस समझौते से भारत के ड्रोन टेस्टिंग और सर्टिफिकेशन इकोसिस्टम को मजबूती मिलेगी

नई दिल्‍ली, 04 फरवरी (हि.स)। राष्ट्रीय परीक्षण केंद्र (एनटीएच) ने इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई) के अंतर्गत मानकीकरण परीक्षण एवं गुणवत्ता प्रमाणन निदेशालय (एसटीक्यूसी) निदेशालय-इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्रीय परीक्षण प्रयोगशाला (उत्तर) ईआरटीएल (उत्तर) के साथ सहयोग समझौता किया है।

उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने बुधवार को जारी एक बयान में बताया कि इस नई साझेदारी से भारत का ड्रोन प्रमाणन तंत्र को मजबूती मिलेगी, जबकि नए सहयोग से सुरक्षा, सामर्थ्य और वैश्विक स्वीकृति को बढ़ावा मिलेगा। इससे ड्रोनों का विद्युतचुंबकीय व्यतिकरण (ईएमआई) और विद्युतचुंबकीय संगतता (ईएमसी) परीक्षण संभव हो सकेगा जिससे भारत के ड्रोन परीक्षण एवं प्रमाणन ढांचे को मजबूती मिलेगी।

मंत्रालय के मुताकिबक यह सहयोग ड्रोन नियम, 2021 और मानवरहित विमान प्रणालियों के लिए प्रमाणन योजना (सीएसयूएएस), 2022 के तहत एक महत्वपूर्ण नियामक जरूरत को पूरा करता है। साथ ही यह भारत की सुरक्षित, विश्वसनीय और अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करने वाली मानवरहित विमान प्रणालियों (यूएएस) को प्रमाणित करने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करेगा।

उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के मुताबिक एनटीएच ने केंद्र सरकार की 'मेक इन इंडिया', ' आत्मनिर्भर भारत' और ' विजन 2047' के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए भारत को सुरक्षित, विश्वसनीय और प्रमाणित ड्रोन प्रौद्योगिकियों के लिए विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

उल्‍लेखनीय है क‍ि एनटीएच भारत सरकार का एक प्रमुख वैज्ञानिक एवं परीक्षण संस्थान है। इसकी स्थापना 1912 में हुई थी। यह उपभोक्ता मामलों के विभाग, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधीन कार्यरत है। एनएबीएल से मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाओं के राष्ट्रव्यापी नेटवर्क के साथ राष्ट्रीय परीक्षण केंद्र विभिन्न क्षेत्रों में परीक्षण, निरीक्षण, गुणवत्ता आश्वासन और प्रमाणन सेवाएं प्रदान करता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Tags