राइफल-पिस्टल एशियन चैंपियनशिप में ईशा सिंह ने जीता स्वर्ण, सम्राट राणा को कांस्य

04 Feb 2026 14:45:53
ईशा सिंह


नई दिल्ली, 04 फ़रवरी (हि.स.)। डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में जारी एशियन चैंपियनशिप राइफल-पिस्टल प्रतियोगिता में भारत के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। बुधवार को ईशा सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर देश को बड़ी सफलता दिलाई, जबकि मौजूदा विश्व चैंपियन सम्राट राणा ने पुरुष वर्ग में कांस्य पदक अपने नाम किया।

महिलाओं के फाइनल में ईशा सिंह ने 239.8 अंकों के साथ दबदबा दिखाया। उन्होंने चीनी ताइपे की येन-चिंग चेंग को 4.4 अंकों के अंतर से पीछे छोड़ा, जिन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। चेंग की हमवतन आई-वेन यू (217.7) तीसरे स्थान पर रहीं। भारत की सुरुचि सिंह 197.7 अंकों के साथ चौथे और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर 135.3 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहीं।

क्वालिफिकेशन राउंड में सैन्यम ने 584 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, लेकिन वह केवल रैंकिंग पॉइंट्स ओनली के तहत खेल रही थीं। इसके चलते सुरुचि (576), मनु भाकर (575-20x) और ईशा (575-18x) ने आठ खिलाड़ियों के फाइनल में जगह बनाई। इन तीनों के संयुक्त स्कोर 1726 के दम पर भारतीय महिला टीम ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया।

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में विश्व चैंपियन सम्राट राणा ने 220.3 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में उज्बेकिस्तान के व्लादिमीर स्वेचनिकोव (242.0) ने स्वर्ण और कजाकिस्तान के वलेरिय राखिमझान (241.0) ने रजत पदक हासिल किया। भारत के ही शरवन कुमार 198.6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे और पदक से चूक गए।

टीम स्पर्धा में शरवन कुमार, सम्राट राणा और वरुण तोमर की तिकड़ी ने कुल 1732 अंकों के साथ भारतीय पुरुष टीम को रजत पदक दिलाया। उज्बेकिस्तान ने समान स्कोर के बावजूद छह अतिरिक्त इनर-10 के आधार पर स्वर्ण पदक जीता, जबकि कजाकिस्तान को कांस्य मिला।

क्वालिफिकेशन राउंड में भी रोचक स्थिति देखने को मिली। रैंकिंग पॉइंट्स ओनली शूटर सुभाष सिहाग ने 585 अंकों के साथ सर्वश्रेष्ठ भारतीय स्कोर किया। सम्राट राणा 581 अंकों के साथ चौथे और शरवन कुमार 578 अंकों के साथ आठवें स्थान पर रहे, जबकि वरुण तोमर 573 अंकों के साथ 15वें स्थान पर रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0