काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे विमान के इंजन में लगी आग, कोलकाता डाइवर्ट

04 Feb 2026 16:47:53
तुर्किश एयरलाइंस के विमान का रूट


काठमांडू, 04 फ़रवरी (हि.स.)। काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल से तुर्की के इस्तांबुल के लिए उड़ान भरने वाले तुर्किश एयरलाइंस के विमान के दाहिने इंजन में आग लगने की घटना सामने आई है। इसके बाद फ्लाइट को भारत के कोलकाता की ओर डायवर्ट कर दिया गया।

विमानस्थल के महाप्रबंधक टेकनाथ सिटौला के अनुसार तुर्किश एयरलाइंस के विमान ने त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल से बुधवार दोपहर 1:28 बजे उड़ान भरी, लेकिन उड़ान के चार मिनट के भीतर ही तुर्किश विमान के कप्तान ने दाहिने इंजन में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद चालक दल ने विमान को पश्चिम दिशा में मोड़ते हुए दाहिना इंजन बंद कर 10 से 12 मिनट तक होल्ड किया। उनके अनुसार तुर्किश एयरलाइंस का यह ए330–303 श्रृंखला का वाइड बॉडी विमान था, जिसमें कुल 225 यात्री सवार थे। दाहिने इंजन में आग लगने की सूचना मिलते ही त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल को एहतियातन 15 मिनट के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया था।

महाप्रबंधक सिटौला ने कहा कि इसके बाद दमकल, एंबुलेंस सहित सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं तैयार कर विमानस्थल को बंद कर दिया गया। इस बीच तुर्किश एयरलाइंस के चालक दल ने विमान को भारत के कोलकाता की ओर डायवर्ट करने की जानकारी दी। सिटौला के अनुसार आग लगते ही दाहिने इंजन को बंद करने के बाद आग पर काबू पा लिया गया था। इसके बाद केवल बाएं इंजन के सहारे तुर्किश एयरलाइंस का विमान कोलकाता की ओर डायवर्ट किया गया। फिलहाल तुर्किश एयरलाइंस का वह विमान कोलकाता में सुरक्षित रूप से उतर चुका है। हमारा विमानस्थल भी अब सामान्य स्थिति में संचालित हो रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0