एलआईसी का मुनाफा तीसरी तिमाही में 17 फीसदी बढ़कर 12,958 करोड़ रुपये

05 Feb 2026 18:07:53
एलआईसी के लोगो का प्रतीकात्‍मक चित्र


नई दिल्‍ली, 05 फरवरी (हि.स)। सार्वजनिक क्षेत्र की जीवन बीमा कंपनी भारतीय जीवनी बीमा निगम (एलआईसी) ने वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही के नतीजे का ऐलान कर दिया है। 31 दिसंबर को समाप्‍त अक्‍टूबर-दिसंबर तिमाही में एलआईसी का मुनाफा 17 फीसदी बढ़कर 12,958 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में 11,056 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

एलआईसी ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्‍त वर्ष 2025-26 की अक्‍टूबर-तिमाही के दौरान बीमा कंपनी की शुद्ध प्रीमियम आय बढ़कर 1,25,613 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्‍त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में 1,06,891 करोड़ रुपये रही थी। सार्वजनिक क्षेत्र की जीवन बीमा कंपनी के मुताबिक कुल आय भी तीसरी तिमाही में बढ़कर 2,33,984 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्‍त वर्ष की इसी तिमाही में 2,01,994 करोड़ रुपये थी। एलआईसी का नए कारोबार से प्रीमियम चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी तिमाही में 10,605 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्‍त वर्ष 2024-25 की इसी अवधि में 7,285 करोड़ रुपये था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0