
नई दिल्ली, 05 फ़रवरी (हि.स.)। राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को सदन में केरल से पूर्व राज्यसभा सदस्य थॉमस कुथिरावट्टम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया।
सभापति ने अपने शोक संदेश में कहा कि थॉमस कुथिरावट्टम का 12 जनवरी को 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने केरल राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए अप्रैल 1985 से अप्रैल 1991 तक राज्यसभा के सदस्य के रूप में सेवाएं दीं। एक जून 1945 को केरल के चेंगन्नूर स्थित कल्लिसेरी में जन्मे कुथिरावट्टम ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत छात्र एवं युवा आंदोलनों से की और क्रमशः केरल की राजनीति में महत्वपूर्ण दायित्व संभाले।
सभापति ने कहा कि कुथिरावट्टम अपनी सादगी, जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता तथा गरीब और वंचित वर्गों के प्रति संवेदनशीलता के लिए जाने जाते थे और उन्हें केरल में राजनीतिक तथा सामाजिक क्षेत्रों में व्यापक सम्मान प्राप्त था। उन्होंने कहा कि उनके निधन से देश ने एक समर्पित समाजसेवी खो दिया है। सभापति के आग्रह पर सदन के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की स्मृति में अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर मौन रखा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार