लखनऊ विश्वविद्यालय में शोधार्थियों से संवाद करेंगे मोहन भागवत

05 Feb 2026 15:30:53
फाइल फोटो सरसंघचालक डा.मोहनराव भागवत


लखनऊ, 05 फरवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 18 फरवरी को यहां लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शोधा​र्थियों से संवाद करेंगे। इस दौरान डॉ. भागवत 'संघ यात्रा के 100 वर्ष' पर विद्यार्थियों को संबोधित भी करेंगे।

संघ के प्रचार विभाग के मुताबिक सरसंघचालक डॉ. भागवत दो दिवसीय दौरे पर 17 फरवरी को लखनऊ आएंगे और 18 फरवरी को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में शोधा​र्थियों से संवाद करेंगे। इस संवाद सत्र में विभिन्न विश्वविद्यालयों में शोध कार्य कर रहे करीब 300 विद्यार्थी शामिल होंगे। इस अवसर पर सरसंघचालक 'संघ यात्रा के 100 वर्ष' विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे।

डॉ. भागवत 18 फरवरी की शाम को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में संघ की ओर से आयोजित प्रमुख जन संगोष्ठी को संबोधित करेंगे। इस गोष्ठी में विभिन्न श्रेणियों के प्रमख लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। गोष्ठी के बाद प्रश्नोत्तर सत्र भी रहेगा। इसमें लोग सीधे सरसंघचालक से संघ से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछ सकते हैं।

लखनऊ से पहले डॉ. भागवत का गोरखपुर में प्रवास प्रस्तावित है। सरसंघचालक 14 फरवरी को गोरखपुर पहुंचेंगे और 15 फरवरी को कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। डॉ. भागवत 16 फरवरी को योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित दो कार्यक्रमों को संबोधित करेंगे। दोपहर में सरसंघचालक प्रमुख जन गोष्ठी संबोधित करेंगे और उसी दिन शाम को परिवार मिलन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Powered By Sangraha 9.0