तीन दिन की तेजी के बाद थमी शेयर बाजार की चाल, सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट

05 Feb 2026 17:30:53
प्रतीकात्मक


- बाजार की गिरावट से निवेशकों को 2.63 लाख करोड़ का नुकसान

नई दिल्ली, 05 फरवरी (हि.स.)। भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति का ऐलान होने के एक दिन पहले आज घरेलू शेयर बाजार गिरावट का शिकार हो गया। इस तरह पिछले तीन दिन से जारी तेजी के सिलसिले पर आज रोक लग गई। आज सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी होने के कारण भी बाजार में बिकवाली का दबाव बना रहा। दिन भर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.60 प्रतिशत और निफ्टी 0.52 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान डिफेंस, मेटल और आईटी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा। इसी तरह ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, ऑयल एंड गैस, पीएसयू बैंक और फार्मास्यूटिकल सेक्टर के शेयरों में आज खरीदारी होती रही।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में ढाई लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 466.53 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 469.16 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 2.63 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,366 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,726 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,477 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 163 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,910 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 964 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,946 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 4 शेयर बढ़त के साथ और 26 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 19 शेयर हरे निशान में और 31 शेयर लाल निशान में बंद हुए। बीएसई का सेंसेक्स आज 60.15 अंक की कमजोरी के साथ 83,757.54 अंक के स्तर पर खुला।

कारोबार की शुरुआत होने के बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो जाने के कारण ये सूचकांक गिरता चला गया। हालांकि, खरीदारों ने बीच में कई बार लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, इसके बावजूद बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि सेंसेक्स की स्थिति में अधिक सुधार नहीं हो सका। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर दो बजे के बाद ये सूचकांक 666.07 अंक टूट कर 83,151.62 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाने की कोशिश की, जिसकी वजह से सेंसेक्स निचले स्तर से 150 अंक से अधिक की रिकवरी कर 503.76 अंक की गिरावट के साथ 83,313.93 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 20.10 अंक फिसल कर 25,755.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में भी गिरावट आ गई। आज के कारोबार में ज्यादातर समय बिकवालों का ही जोर बना रहा, जिसकी वजह से निफ्टी कभी भी रिकवरी कर हरे निशान में नहीं पहुंच सका। बाजार में लगातार जारी बिकवाली की वजह से ये सूचकांक दोपहर दो बजे के करीब 196.50 अंक लुढ़क कर 25,579.50 अंक के स्तर पर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर लगाया, जिसकी वजह से निफ्टी निचले स्तर से 60 अंक से अधिक की रिकवरी कर 133.20 अंक की कमजोरी के साथ 25,642.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ट्रेंट लिमिटेड 2.96 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 1.50 प्रतिशत, टाटा स्टील 1.21 प्रतिशत, जेएसडब्ल्यू स्टील 0.94 प्रतिशत और ओएनजीसी 0.84 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 3.06 प्रतिशत, एटरनल 2.48 प्रतिशत, भारतीय एयरटेल 1.65 प्रतिशत, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 1.43 प्रतिशत और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस 1.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0