शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

युगवार्ता    05-Feb-2026
Total Views |
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 05 फ़रवरी (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान बिकवाली का दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत मामूली गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक गिरते चले गए। पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.40 प्रतिशत और निफ्टी 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से हिंदुस्तान यूनिलीवर, जियो फाइनेंशियल, ओएनजीसी, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और इन्फोसिस के शेयर 1.25 प्रतिशत से लेकर 0.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टीएमपीवी, श्रीराम फाइनेंस, इंटरग्लोब एवियशन और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स के शेयर 3.14 प्रतिशत से लेकर 1.95 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,700 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 798 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,902 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 8 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 22 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 12 शेयर हरे निशान में और 38 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 60.15 अंक की कमजोरी के साथ 83,757.54 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण यह सूचकांक 500 अंक से अधिक टूट कर 83,313.46 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद हुई मामूली खरीदारी के कारण इस सूचकांक की स्थिति में मामूली सुधार भी हुआ। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच पहले 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 333.75 अंक की कमजोरी के साथ 83,483.94 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 20.10 अंक फिसल कर 25,755.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही बिकवाली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में भी गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले आधे घंटे में ही यह सूचकांक 160 अंक से अधिक लुढ़क कर 25,612.90 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 104.90 अंक की गिरावट के साथ 25,776 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 78.56 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की मजबूती के साथ 83,817.69 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 48.45 अंक यानी 19 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,776 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Tags