
नई दिल्ली, 06 फरवरी (हि.स.)। राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश ने शुक्रवार को कहा कि सत्ता के गलियारों के बजाय गांवों और जंगलों में सेवा करने वाले असली नायकों को पहचान मिल रही है।
हरिवंश ने यह बात आज नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में 'प्रधानमंत्री मोदी के अनमोल रत्न' पुस्तक के लोकार्पण के अवसर पर कही। इस पुस्तक की लेखिका डॉ. दर्शनी प्रिय हैं। यह पुस्तक भारत के उन 35 अद्वितीय 'पद्मश्री' पुरस्कार विजेताओं की जीवन यात्रा और संघर्षों पर आधारित है, जिन्होंने देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अमूल्य सेवाएँ दी हैं। पुस्तक का प्रकाशन प्रतिष्ठित प्रभात प्रकाशन द्वारा किया गया है।
उन्होंने कहा, 2014 के बाद देश में पुरस्कारों की संस्कृति बदली है और अब सत्ता के गलियारों के बजाय गांवों, जंगलों और श्मशान घाटों में सेवा करने वाले असली नायकों को पहचान मिल रही है।
हरिवंश ने पुस्तक के पात्रों का वर्णन करते हुए उन्हें 'अनासक्त योगी' की संज्ञा दी। उन्होंने कहा, ये वे लोग हैं जो बिना किसी प्रचार-प्रसार या पद की आकांक्षा के गीता के संदेश के अनुरूप अपने कर्तव्य के प्रति समर्पित हैं। जो काम को ही तप और साधना मानते हैं, वही प्रधानमंत्री मोदी के असली अनमोल रत्न हैं।
उन्होंने कहा कि यह पुस्तक केवल कहानियों का संग्रह नहीं, बल्कि युवाओं के लिए एक ऊर्जा पुंज है। इसमें संकलित 33 प्रेरणादायक कहानियाँ यह सिखाती हैं कि बिना आत्म-प्रचार के भी देश के प्रति अपने ऋण को कैसे चुकाया जा सकता है।
हरिवंश ने युवाओं का आह्वान किया कि वे 'इंस्टेंट पब्लिसिटी' के दौर में इन असली नायकों के चरित्र से सीखें। उन्होंने जोर दिया कि यदि भारत को 2047 तक दुनिया का सबसे ताकतवर देश बनाना है, तो हमें उन गुमनाम शहीदों और नायकों के ऋण से उऋण होने के लिए उनके जैसा समर्पण दिखाना होगा।
अति विशिष्ट अतिथियों में प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव द्विवेदी, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सिद्दकी शाहनबाज हुसैन, बिहार के सेवानिवृत अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथियों में पद्मश्री भूपेंद्र सिंह संजय और पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव, प्रभात प्रकाशन के सहित अन्य अतिथिगण मौजूद रहे।
लेखिका डॉ. दर्शनी प्रिय ने बताया कि यह पुस्तक पाठकों को उन गुमनाम नायकों से परिचित कराएगी, जिन्होंने जमीनी स्तर पर देश का मान बढ़ाया है।
राज्यसभा की सांसद डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने इस कार्यक्रम की अध्यक्षता की। आकाशवाणी के वरिष्ठ अधिकारी राम अवतार बैरवा ने स्वागत भाषण और मंच संचालन (उद्घोषक) दिनेश शर्मा ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी